खिताब के लिए अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है रजत पाटीदार

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने जीत का चौका लगाते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शीर्ष स्थान अपने नाम कर लिया है। बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 5 विकेट से जीत के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने माना है कि खिताब के लिए टीम को अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलसीजी 146 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में आरसीबी ने 15.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जीत के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "हमारी गेंदबाजी शानदार रही। मेरा मानना है कि टॉस जीतना हमारे लिए अहम रहा। तेज गेंदबाजों ने जिस तरह गेंद डाली, वह देखने लायक थी।"
इस मुकाबले में आरसीबी की टीम से क्रुणाल पंड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि सुयश शर्मा ने 4 ओवरों में 34 रन दिए। हालांकि, सुयश को विकेट हाथ नहीं लग सका। इन दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कप्तान पाटीदार ने कहा, "क्रुणाल पंड्या के बारे में मैं भी नहीं जानता कि वह अगली गेंद क्या डालेंगे, लेकिन मैं कहूंगा कि वह बेहद साहसी गेंदबाज हैं। वहीं, सुयश शर्मा की स्टंप-टू-स्टंप गेंदबाजी शानदार रही। नई गेंद से भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे विशेषज्ञ गेंदबाज हों तो कप्तान का काम आसान हो जाता है, क्योंकि आपको उन्हें ज्यादा बताने की जरूरत नहीं होती। उनका अनुभव और सोच बाकी गेंदबाजों की भी मदद कर रहे हैं। खिताब की उम्मीदों पर अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है। फिलहाल हम सिर्फ एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं।"
इस सीजन एलएसजी ने शुरुआती 5 में से 3 मैच गंवा दिए हैं। यह टीम फिलहाल सातवें पायदान पर मौजूद है। चोटिल ऋषभ पंत के स्थान पर लखनऊ सुपर जायंट्स के कार्यवाहक कप्तान निकोलस पूरन ने कहा, "यह हमारे लिए कठिन सीजन रहा है। बल्लेबाजी में हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। 175 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर हो सकता था, लेकिन यह कोई छिपी बात नहीं है कि पूरे सीजन हम बल्लेबाजी में संघर्ष कर रहे हैं और आज उसकी कीमत चुकानी पड़ी।"
उन्होंने कहा, "टी20 क्रिकेट कठिन खेल है। इसमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता, लेकिन खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं और हम मुकाबले के लिए तैयार हैं। हम लड़ाई जारी रखेंगे। मुझे लगता है कि यह सिर्फ समय की बात है। धैर्य रखना होगा, मौके के लिए तैयार रहना होगा और टीम के लिए योगदान देना होगा।"
निकोलस पूरन इस मैच में सिर्फ 1 ही रन बना सके। इस पूरे सीजन उनके बल्ले से 5 मुकाबलों में 8.40 की औसत से 42 रन ही आए हैं। पूरन जानते हैं कि उन्हें कैसे वापसी करनी है। उन्होंने कहा, "अपनी बल्लेबाजी पर मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं और गेंद अच्छी तरह से हिट कर रहा हूं। दुर्भाग्य से इस टूर्नामेंट में चीजें मेरे पक्ष में नहीं गई, लेकिन ऐसा पहले भी हुआ है। मैं पहले भी इस स्थिति में रहा हूं और जानता हूं कि वापसी कैसे करनी है। मुझे भरोसा है कि मैं इससे बाहर निकलूंगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 April 2026 11:52 PM IST











