किसानों को जल्द मिलेगी मदद, जीआर निकालने की प्रक्रिया शुरू मंत्री प्रताप सरनाईक
मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के समापन और गणेश विसर्जन के अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने राज्य के किसानों की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मराठवाड़ा, विदर्भ समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में इस समय बेहद खराब परिस्थिति है। उन्होंने भरोसा दिया कि सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे किसानों के साथ सरकार खड़ी है और इस दिसा में काम कर रही है।
प्रताप सरनाईक ने कहा कि पिछले 11 दिनों से मुंबई और ठाणे क्षेत्र में बड़ी संख्या में गणेश भक्त उत्सव का आनंद ले रहे हैं। आज गणेश विसर्जन का दिन है और श्रद्धालु पूरे भक्ति भाव के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगे। महाराष्ट्र में गणेश उत्सव को बहुत बड़े त्योहार के रूप में मनाया जाता है। लोग पूरे मन से गणेश जी की सेवा करते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं। ऐसे समय में राज्य के सामने किसानों से जुड़ी गंभीर परिस्थितियां भी हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में स्थिति बेहद खराब है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थिति में सरकार का किसानों के साथ खड़ा रहना जरूरी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सभी मंत्रियों की भी यही भावना है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित सरकार के लोग अलग-अलग तालुकों में जाकर किसानों को संभव मदद देने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द किसानों तक मदद पहुंचाना चाहती है। किसानों को राहत देने के संबंध में सरकारी निर्णय (जीआर) निकालने की प्रक्रिया भी की जा रही है, ताकि प्रभावित किसानों को जल्दी सहायता मिल सके। भगवान गणेश से उनकी प्रार्थना है कि महाराष्ट्र और किसानों के ऊपर छाया दुख का अंधकार जल्द दूर हो। उन्होंने किसानों की खेती और आने वाले समय के लिए भी भगवान से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने राज्य के लोगों और किसानों से कहा कि वे दुखी न हों, क्योंकि सरकार उनके साथ है और उनकी हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञानेश कुमार से जुड़े सवाल पर प्रताप सरनाईक ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने अभी केवल टीवी के माध्यम से खबरें देखी हैं। जब तक मामले की पूरी जानकारी और उसके तथ्यों की गहराई से जांच नहीं हो जाती, तब तक इस पर कुछ कहना उचित नहीं होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 4:37 PM IST












