किसानों की मेहनत से भरे देश के अन्न भंडार, अब गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पर दें ध्यान राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े
जयपुर, 12 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने प्रदेश स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं मल्लखम्भ प्रदर्शन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि को समृद्ध एवं टिकाऊ बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने शिरकत की। सभी नेताओं ने किसानों से रासायनिक कीटनाशकों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान रसायन मुक्त अनाज तैयार करें और लोगों को बीमारियों से बचाने में सहयोग दें। किसानों की मेहनत की सराहना की जानी चाहिए। एक समय था जब देश में अनाज नहीं बचा था, तब किसानों ने पूरी मेहनत से अनाज उगाया। आज हमारे देश में अनाज के भंडार हैं, यह किसानों की मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने किसानों से गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उत्पादन करने की अपील की और कहा कि आमजन ऐसी पैदावार खरीदने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्राकृतिक खेती की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे किसानों ने पंचगव्य, जीवामृत, बीजामृत और मल्चिंग जैसे तरीकों से मानव और मिट्टी दोनों की सेहत का ध्यान रखा है। धरती माता को जहरीले रसायनों और कीटनाशकों से नुकसान पहुंच रहा है, इसलिए प्राकृतिक खेती को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चिंता जताते हुए कहा कि कीटनाशकों का उपयोग कैंसर जैसी घातक बीमारियों का कारण बन रहा है। इसलिए किसानों से अपील करते है कि प्राकृतिक खाद का उपयोग करने और पोषणयुक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी समझे। केंद्र सरकार और राज्य सरकार हमेशा जनता के साथ खड़ी है।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि हम प्रकृति की ओर लौटें और प्राकृतिक खेती के जरिए पोषणयुक्त अन्न पैदा करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Jun 2026 9:17 PM IST












