राजनीति: चीन अगर ब्रह्मपुत्र का पानी रोकेगा तो हमें ही होगा फायदा सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

चीन अगर ब्रह्मपुत्र का पानी रोकेगा तो हमें ही होगा फायदा  सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
पाकिस्तान की ओर से ‘ब्रह्मपुत्र’ नदी को लेकर भ्रम फैलाए जाने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बयान सामने आया है। उन्होंने झूठ फैलाने के लिए पाकिस्तान को आईना दिखाया है।

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान की ओर से ‘ब्रह्मपुत्र’ नदी को लेकर भ्रम फैलाए जाने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बयान सामने आया है। उन्होंने झूठ फैलाने के लिए पाकिस्तान को आईना दिखाया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "क्या होगा अगर चीन भारत को ‘ब्रह्मपुत्र’ का पानी देना बंद कर दे? पाकिस्तान के नए डराने वाले बयान का जवाब। भारत ने पुरानी सिंधु जल संधि से निर्णायक रूप से खुद को अलग कर लिया है और इसके बाद पाकिस्तान अब एक और मनगढ़ंत धमकी दे रहा है। अगर चीन ने ब्रह्मपुत्र का पानी रोक दिया तो? आइए, इस मिथक को तथ्यों और स्पष्टता के साथ तोड़ते हैं।"

सीएम सरमा ने पाकिस्तान को तथ्यों के साथ जवाब दिया और कहा, "ब्रह्मपुत्र: भारत में बढ़ने वाली नदी। ‘ब्रह्मपुत्र’ के कुल पानी में चीन का 30-35 प्रतिशत योगदान है, जो ज्यादातर हिमनदों के पिघलने और तिब्बत की कम बारिश से होता है। बाकी 65-70 प्रतिशत पानी का हिस्सा भारत से ही आता है, क्योंकि अरुणाचल प्रदेश, असम, नगालैंड, और मेघालय में भारी मानसून से नदी में पानी आता है। साथ ही, सुबनसिरी, लोहित, कामेंग, मानस, धनसिरी, जिया-भाराली, कोपिली, कृष्णाई, दिगारू और कुलसी जैसी सहायक नदियां ब्रह्मपुत्र को जल पहुंचाती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "भारत-चीन सीमा तूतिंग पर पानी का बहाव 2,000 से 3,000 क्यूबिक मीटर/सेकंड होता है, जबकि असम के मैदानों जैसे गुवाहाटी में मानसून में 15,000 से 20,000 क्यूबिक मीटर/सेकंड हो जाता है। ब्रह्मपुत्र ऐसी नदी नहीं है, जिस पर भारत ऊपरी हिस्से पर निर्भर है। यह भारत की बारिश से पोषित नदी है, जो हमारे क्षेत्र में और मजबूत होती है।"

सीएम सरमा ने पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कहा, "पाकिस्तान को सच जानना चाहिए। अगर चीन ने पानी का बहाव कम किया (जो संभावना कम है, क्योंकि चीन ने कभी ऐसी धमकी नहीं दी), तो यह भारत के लिए असम की वार्षिक बाढ़ को कम करने में मदद कर सकता है, जो हर साल लाखों लोगों को विस्थापित करती है और आजीविका नष्ट करती है। जबकि पाकिस्तान, जिसने 74 साल तक सिंधु जल संधि के तहत पानी का विशेष अधिकार लिया, अब घबराया हुआ है, क्योंकि भारत अपने संप्रभु अधिकारों को वापस ले रहा है। याद रखें कि ब्रह्मपुत्र एक स्रोत पर निर्भर नहीं है, यह हमारी भौगोलिक स्थिति, मानसून और सभ्यता की ताकत से चलती है। ब्रह्मपुत्र सत्य है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Jun 2025 2:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story