कोलकाता तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, कई मजदूर मलबे में फंसे

कोलकाता  तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, कई मजदूर मलबे में फंसे
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन गोदाम का हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

कोलकाता, 24 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन गोदाम का हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, तारातला क्षेत्र में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर एक गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा था। बुधवार दोपहर मजदूर रोजाना की तरह निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान गोदाम की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। भारी मलबा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग उसके नीचे दब गए।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे के समय कई मजदूर निर्माण स्थल पर मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी काफी लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। इसी वजह से बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।

वहीं, हादसे को लेकर भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा, "पांच लोगों की जान चली गई है। कुछ घायलों को अस्पताल भेजा गया है।" हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश में जुटे हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है तथा मलबे के नीचे और लोगों के फंसे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए पूरी सावधानी के साथ राहत कार्य चलाया जा रहा है। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Jun 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story