लौट रहा 'कैंपस बीट्स', ट्रेलर में दिखा शांतनु और श्रुति का इंटेंस लव ट्रायंगल
मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता शांतनु माहेश्वरी की आगामी डांस-ड्रामा सीरीज 'कैंपस बीट्स' अपने छठे सीजन के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वापसी के लिए तैयार है। यह सीरीज मुंबई की एक मशहूर डांस अकादमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां युवा अपनी दोस्ती, करियर और प्यार के संघर्षों से जूझते हैं।
शुक्रवार को मेकर्स ने सीरीज का धमाकेदार ट्रेलर जारी कर दिया। पिछले पांच सीजन की सफलता के बाद इस सीरीज में ईशान (शांतनु) और नेत्रा (श्रुति सिन्हा) की लव स्टोरी नए और भावनात्मक मोड़ पर खड़ी नजर आएगी।
1 मिनट 48 सेकंड का ट्रेलर काफी इंटेंस है, लेकिन इस बार कहानी में रिश्तों की जटिलताएं और बढ़ती हुई भावनाएं देखने को मिल रही है। ट्रेलर में नेत्रा 'सुमेर' के साथ अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करना चाहती है। दूसरी तरफ, ईशान अभी भी अपने अतीत की यादों में कैद है और नेत्रा को वापस पाने की कोशिश करता है। वहीं, रिया की ईशान के प्रति बढ़ती भावनाएं लव ट्रायंगल को और भी दिलचस्प बना रही है।
सीरीज के मुख्य अभिनेता शांतनु माहेश्वरी ने अपने किरदार 'ईशान' के बारे में बात करते हुए कहा, "डांस मेरे दिल के बहुत करीब है। 'कैंपस बीट्स' ने मुझे पिछले कुछ सालों में अपने इस जुनून को जीने का मौका दिया है। इस सीजन में ईशान का सफर काफी भावनात्मक और आंतरिक होने वाला है। इसमें वह एक ऐसे इंसान से जुड़ता दिखेगा, जो अब उसके लिए मौजूद नहीं है। यही कमी और असंतुलन उसकी जिंदगी को बदल देता है।"
वहीं, अभिनेत्री श्रुति सिन्हा ने सीरीज को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "नेत्रा का किरदार इस बार खुद को खोजने की कोशिश कर रहा है। इस सीजन में मेरे किरदार में कई परते हैं, जिन्हें निभाना चुनौतिपूर्ण और मजेदार था।"
अमेजन एमएक्स प्लेयर के कंटेंट हेड अमोग दुसाद ने सीरीज पर भरोसा जताते हुए कहा कि 'कैंपस बीट्स' युवाओं के बीच एक बड़ी फ्रेंचाइजी बन चुकी है। इस नए सीजन में दर्शकों को जबरदस्त डांस मुकाबले के साथ ऐसे राज और ट्विस्ट देखने को मिलेंगे, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखेंगे।"
अनिरुद्ध राजदेरकर द्वारा निर्देशित सीरीज अमेजन एमएक्स प्लेयर पर 29 अप्रैल से स्ट्रीम होने वाली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2026 9:43 PM IST












