दिल्ली लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए रेकी करने के आरोप में टीचर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई-हरि बॉक्सर गैंग से जुड़े रंगदारी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक यूपीएससी और एसएससी अभ्यर्थियों को गणित पढ़ाने वाला शिक्षक है, जिस पर गैंग के लिए पीड़ित की रेकी करने और उसकी जानकारी साझा करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित बिश्नोई उर्फ रुद्र प्रताप सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हिसार, हरियाणा का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, अमित बिश्नोई मुखर्जी नगर इलाके में कोचिंग संस्थानों में गणित शिक्षक के तौर पर काम करता था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुखर्जी नगर थाने में एफआईआर नंबर 254/2026 दिनांक 8 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4) और 351(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था। स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज टीम भी इस मामले की जांच कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 15 जून को मुखर्जी नगर निवासी एक कारोबारी को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को हरि बॉक्सर बताया और कथित तौर पर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी अमित बिश्नोई ने कथित तौर पर पीड़ित के ऑफिस और गतिविधियों की जानकारी जुटाई थी। आरोप है कि उसने पीड़ित के ऑफिस का वीडियो बनाकर हरि बॉक्सर के साथ साझा किया था। गैंग की ओर से इस वीडियो का इस्तेमाल धमकी देने के लिए किया गया और ऑफिस को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि अमित बिश्नोई और लॉरेंस बिश्नोई की पहचान वर्ष 2014 में हरियाणा में एक कॉमन दोस्त के माध्यम से हुई थी। बाद में वह हरि बॉक्सर के संपर्क में आया, जिसने कथित तौर पर उसे पीड़ित और उसके कारोबार से जुड़ी जानकारी जुटाने का काम सौंपा।
अमित बिश्नोई ने फरीदाबाद से बीटेक की पढ़ाई की है और उसने खुद भी मुखर्जी नगर में यूपीएससी की तैयारी की थी। वर्ष 2018 से वह अलग-अलग कोचिंग संस्थानों में गणित शिक्षक के रूप में काम कर रहा था।
स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह गैंग के लिए कितने समय से काम कर रहा था और क्या अन्य रंगदारी मामलों में भी उसकी भूमिका रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 11:08 PM IST












