लॉर्ड्स टेस्ट मंधाना, हरमन और दीप्ति का अर्धशतक, भारतीय टीम ने पहली पारी में 285 रन बनाए
लॉर्ड्स, 10 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में शुक्रवार से शुरू हुए टेस्ट मैच में भारतीय महिला टीम की पहली पारी 285 रन पर सिमट गई।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। टीम ने शेफाली वर्मा और यास्तिका भाटिया का विकेट जल्दी गंवा दिया। शेफाली 4 और यास्तिका 12 रन पर आउट हुईं। 37 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम को जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी का टीम का स्कोर 101 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर जेमिमा 35 रन बनाकर आउट हुईं।
मंधाना ने एक छोर संभाल कर रखा था। उन्होंने चौथे विकेट के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ 89 रन की साझेदारी की। ऐसा लग रहा था कि मंधाना अपना शतक पूरा कर लेंगी, तभी 83 के स्कोर पर वह आउट हो गईं। मंधाना ने 108 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके और 1 छक्का लगाया।
मंधाना के आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर का विकेट भी गिरा। वह 202 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुईं। कौर ने अर्धशतक लगाया और 121 गेंदों पर 58 रन की पारी खेली। इसके बाद दीप्ति शर्मा के ही बल्ले से रन आया। दीप्ति 87 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट हुईं। दीप्ति के इस अर्धशतक की मदद से ही भारतीय टीम 285 तक पहुंच सकी।
इंग्लैंड की तरफ से सोफी एक्लेस्टन ने 3, लॉरेन फिलर, इजी वांग और मेडी विलर्स ने 2-2 विकेट लिया। लॉरेन बेल को 1 विकेट मिला।
खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने 7 ओवर में 1 विकेट पर 13 रन बनाए थे। अपना आखिरी मैच खेल रहीं टैमी ब्यूमोंट 2 रन बनाकर क्रांति गौड़ की गेंद पर आउट हुईं। माइया बौशियर 9 और हिदर नाइट 1 रन पर नाबाद हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 July 2026 11:01 PM IST












