लुक्सर हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपी घायल, अवैध हथियार और कार बरामद

लुक्सर हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपी घायल, अवैध हथियार और कार बरामद
ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

ग्रेटर नोएडा, 26 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

इकोटेक-1 थाना पुलिस की टीम और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि 25 फरवरी को थाना इकोटेक-1 पुलिस टीम इमलिया कट पर बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कार सवार दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम हसनपुर, थाना जहांगीरपुर, जिला बुलंदशहर और विपिन उर्फ कल्ला पुत्र सुरेश उर्फ बुग्गा निवासी लुक्सर, थाना इकोटेक-1, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 23 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना इकोटेक-1 में दर्ज सरेआम हुई युवक की हत्या मामले में वांछित चल रहे थे। बरामदगी में एक पिस्टल .32 बोर, दो जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस, एक पिस्टल .30 बोर, दो जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस तथा एक टाटा पंच कार बरामद हुई है।

घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुक्सर हत्याकांड में शामिल आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। ये दोनों भी उसी गैंग का हिस्सा थे। अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Feb 2026 9:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story