'मां जगदंबा रूठी हैं' कहकर बुजुर्ग महिला से तीन लाख की ठगी, चार आरोपियों की तलाश में पुलिस

मां जगदंबा रूठी हैं कहकर बुजुर्ग महिला से तीन लाख की ठगी, चार आरोपियों की तलाश में पुलिस
नागपुर के इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर एक 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला से करीब 3.05 लाख रुपए के सोने के जेवरात और मोबाइल की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं।

नागपुर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। नागपुर के इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर एक 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला से करीब 3.05 लाख रुपए के सोने के जेवरात और मोबाइल की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं।

आरोपियों ने खुद को धार्मिक आस्था से जुड़ा बताते हुए महिला को विश्वास दिलाया कि 'मां जगदंबा उनसे नाराज हैं' और उनके परिवार पर बड़ा संकट आने वाला है।

पुलिस के अनुसार, मेडिकल रोड निवासी सुजाता भगवानलाल अग्रवाल सुबह मंदिर में दर्शन करने के बाद बेटी के घर जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। एक युवक ने महिला से कहा कि 'मां जगदंबा आपसे रूठी हुई हैं', जबकि दूसरे ने दावा किया कि महिला और उनके बेटों पर गंभीर संकट आने वाला है। इसके बाद दोनों ने विशेष पूजा के माध्यम से संकट दूर करने का झांसा दिया।

आरोपियों ने महिला को एक पीले रंग की थैली दी और कहा कि पूजा के लिए अपने सोने की चेन, कंगन, अन्य आभूषण और मोबाइल उसमें रख दें। उन्होंने महिला से यह भी कहा कि 51 कदम तक पीछे मुड़कर नहीं देखना, तभी पूजा सफल होगी और संकट टल जाएगा।

महिला जैसे ही आगे बढ़ीं, दोनों युवक जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गए। कुछ दूरी चलने के बाद जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी गायब थे। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत इमामवाड़ा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि इस वारदात में केवल दो नहीं, बल्कि चार आरोपी शामिल थे। सभी आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घटनास्थल से फरार हुए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इमामवाड़ा थाना के पुलिस निरीक्षक जयवंत पाटिल ने बताया कि आरोपियों की भाषा हिंदी थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका है कि वे मध्य प्रदेश या उत्तर प्रदेश के रहने वाले हो सकते हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं, जो तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही हैं।

पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और धार्मिक आस्था या अंधविश्वास के नाम पर किसी को कीमती सामान न सौंपें। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देना ही सबसे प्रभावी उपाय है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 July 2026 11:42 PM IST

Tags

Next Story