मध्य प्रदेश जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ी, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
ग्वालियर,1 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ ग्वालियर की विशेष एमपी एमएलए कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए 27 जुलाई को उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
दरअसल, मामला साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव से जुड़ा हुआ है। भिंड संसदीय क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार देवाशीष जरारिया को लेकर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने बयान दिया था। उन्होंने बसपा उम्मीदवार के भाजपा से सांठगांठ और लेनदेन करने का आरोप लगाया था।
जीतू पटवारी के बयान के खिलाफ बसपा उम्मीदवार जरारिया ने ऊमरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने कांग्रेस नेता के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग की सीडी भी पुलिस को सौंपी थी। बताया गया है कि इस मामले की कोर्ट में सुनवाई हुई और न्यायालय ने 16 जनवरी 2026 को पेश होने का नोटिस जारी किया था, मगर जीतू पटवारी कोर्ट नहीं पहुंचे।
पुलिस की ओर से तर्क दिया गया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहीं पता नहीं चल रहा है। इस पर न्यायालय ने सख्त ऐतराज दर्ज कराते हुए कहा कि पटवारी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं और उनके बयान आ रहे हैं, तो पुलिस को वह कैसे नहीं मिल रहे?
ग्वालियर की विशेष एमपी एमएलए कोर्ट ने जीतू पटवारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, साथ ही भिंड पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि 27 जुलाई को कांग्रेस नेता पटवारी की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 12:49 PM IST












