मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा सत्र में प्रस्तुत होगा यूसीसी विधेयक मोहन यादव
भोपाल, 17 जून (आईएएनएस) मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर तेजी से कम हो रहा है और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि इस विधेयक को आगामी मानसून सत्र में पेश किया जाएगा । राज्य विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश नाथ काटजू के जन्म दिवस के मौके पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हिस्सा लिया और यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों को लेकर आ रही है।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को भी इसी सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्वास जताया कि बाबा महाकाल की कृपा से यूसीसी विधेयक इसी सत्र में पारित होगा। दरअसल राज्य की मोहन यादव सरकार समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है इसके लिए प्रदेशवासियों से सुझाव मांगे गए हैं । राज्य सरकार की कोशिश यही है कि यूसीसी में आम जनता के सुझावों को अहमियत दी जाए और यह कानून जनता की भागीदारी से ही बने।
मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र सोमवार, 20 जुलाई से आरंभ होकर 24 जुलाई तक चलेगा । राज्यपाल द्वारा अनुमोदित तदाशय की अधिसूचना विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कर दी गई है । इस पांच दिवसीय सत्र में महत्वपूर्ण शासकीय कार्य संपादित किए जायेंगे।
इस संबंध में विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 24 जून तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 9 जुलाई तक प्राप्त की जाएंगी । जबकि स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण, नियम 267 - क के अधीन सूचनाएं विधानसभा में 14 जुलाई से कार्यालय में प्राप्त की जावेंगी।यह मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का यह एकादश सत्र होगा।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Jun 2026 1:38 PM IST












