मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था गड़बड़ाई, अपराध का ग्राफ बढ़ा जीतू पटवारी
सतना 11 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है और उसी का नतीजा है कि अपराध का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है।
जीतू पटवारी ने सतना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने विधायकों, मंत्रियों, उनके रिश्तेदारों और कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे दी है कि वे जितनी अराजकता फैलाना चाहें फैलाएं, क्योंकि सरकार उनकी है। प्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जहां मंत्री, विधायक और उनके समर्थक अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं।
पटवारी ने शिवपुरी में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी द्वारा अधिकारियों को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा, व्यवहार और प्रशासनिक तंत्र को डराने-धमकाने की प्रवृत्ति प्रदेश की स्थिति को स्पष्ट करती है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि ही प्रशासन को भयभीत करेंगे तो कानून व्यवस्था कैसे कायम रह सकती है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब जंगलराज का पर्याय बन चुका है। बिहार और उत्तरप्रदेश को लेकर जो बातें पहले कही जाती थीं, अब वही स्थिति मध्यप्रदेश में दिखाई दे रही है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।
पटवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। यदि भ्रष्टाचार का सिक्का उछाला जाए तो एक तरफ भाजपा और दूसरी तरफ भ्रष्टाचार दिखाई देगा। प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा सरकारी कार्यालय बचा हो जहां बिना भ्रष्टाचार आम जनता का काम हो रहा हो। भ्रष्टाचार भाजपा के खून में इस तरह दौड़ने लगा है कि उसका सीधा असर जनता पर पड़ रहा है।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की मर्यादाओं का सम्मान करती है। कांग्रेस यह मानती है कि जो जीता वही सिकंदर, लेकिन विपक्ष होने के बावजूद जनता की आवाज उठाना और सरकार की विफलताओं को सामने लाना उसका दायित्व है।
--आईएएनएस
एसएनपी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 May 2026 4:44 PM IST












