मध्य प्रदेश में महज चार दिन में सड़क का सुधार कार्य सुनिश्चित किया जाता है राकेश सिंह
भोपाल, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दावा किया कि सड़क की स्थिति पर लोकपथ मोबाइल ऐप पर आई जानकारी के आधार पर महज चार दिन में सड़क सुधार का कार्य सुनिश्चित किया जाता है। राज्य की मोहन यादव सरकार को दो साल हो गए हैं। इस मौके पर तमाम विभाग रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे हैं।
राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बताया कि विगत दो वर्षों में लोक निर्माण विभाग ने केवल निर्माण कार्यों की गति ही नहीं बढ़ाई है, बल्कि तकनीक के प्रभावी उपयोग, पारदर्शी कार्यप्रणाली, पर्यावरण संरक्षण और सुदृढ़ गुणवत्ता नियंत्रण के क्षेत्र में ऐसे ठोस और दूरदर्शी नवाचार किए हैं, जिनके परिणामस्वरूप लोक निर्माण विभाग आज देश के अग्रणी और उदाहरणीय विभागों की श्रेणी में स्थापित हुआ है।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि 'लोकपथ मोबाइल ऐप' के माध्यम से आम नागरिकों को सीधे विभाग से जोड़ा गया है। इस ऐप के जरिए चार दिनों के भीतर सड़क मरम्मत सुनिश्चित की जा रही है। अब तक 11 हजार से अधिक शिकायतों का सफल निराकरण किया जा चुका है। यह व्यवस्था जन-उत्तरदायित्व, पारदर्शिता और त्वरित सेवा का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने जानकारी दी कि 15 सितंबर से ‘लोक परियोजना प्रबंधन प्रणाली’ लागू की गई है, जिसके अंतर्गत बजटिंग, प्रशासनिक स्वीकृति, टेंडरिंग, मेजरमेंट बुक और कार्य प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। इससे कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण सर्वेक्षण मोबाइल ऐप के माध्यम से अब तक 68,315 किमी की 10,778 सड़कों, 2,633 भवनों, 1,320 पुलों, 503 लोक कल्याण सरोवरों और 314 पौधरोपण स्थलों की डिजिटल मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जिससे परिसंपत्तियों का सटीक और पारदर्शी प्रबंधन संभव हुआ है।
मंत्री सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विभाग द्वारा पर्यावरण-अनुकूल निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक किलोमीटर पर वाटर रिचार्ज बोर, 506 लोक कल्याण सरोवरों का निर्माण, वैज्ञानिक पद्धति से ट्री-शिफ्टिंग, फ्लाईओवर पर रेनवाटर हार्वेस्टिंग और 1 जुलाई 2025 को 2.5 लाख से अधिक पौधरोपण का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की यह नई कार्यसंस्कृति 'लोक निर्माण से लोक कल्याण' की भावना को साकार करती है और आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश को अवसंरचना विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Dec 2025 7:30 PM IST












