मध्य प्रदेश ससुराल में प्रताड़ना से तंग महिला ने की आत्महत्या, लोगों ने बेटे को बचाया

मध्य प्रदेश  ससुराल में प्रताड़ना से तंग महिला ने की आत्महत्या, लोगों ने बेटे को बचाया
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां ससुराल में प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने फांसी लगाकर जीवनलीला खत्म कर ली। इस घटना में महिला के बेटे की जान बाल-बाल बची है।

भोपाल, 8 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां ससुराल में प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने फांसी लगाकर जीवनलीला खत्म कर ली। इस घटना में महिला के बेटे की जान बाल-बाल बची है।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के जुझाई गांव से यह घटना सामने आई है, जहां ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि महिला ने यह कदम उठाने से पहले रोते हुए एक वीडियो बनाया, जिसमें ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। महिला ने अपने छोटे बेटे के साथ फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते स्थानीय लोगों ने बच्चे को बचा लिया, जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने बताया कि महिला द्वारा बनाए गए वीडियो को साक्ष्य के रूप में लिया गया है और ससुराल पक्ष के खिलाफ आरोपों की जांच की जा रही है। बच्चे की हालत सुरक्षित बताई गई है।

शुक्रवार को आत्महत्या का एक और मामला मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से प्रकाश में आया, जहां सुबह एक बंद पड़ी पुलिस चौकी के अंदर हेड कांस्टेबल का शव लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान तरुण गंधर्व (35 वर्ष) के रूप में हुई। वह सागर जिले का रहने वाला था और फिलहाल नौगांव पुलिस थाने में तैनात था। घटना के समय हेड कांस्टेबल ड्यूटी पर नहीं था और उसने आम नागरिकों वाले कपड़े पहने हुए थे। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए।

मामले को लेकर नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि हेड कांस्टेबल मानसिक तनाव में था। शायद इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और जांचकर्ता कारणों का पता लगा रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 May 2026 8:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story