उज्जैन तालाब में डूबने से दो किशोर की मौत
उज्जैन, 3 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में दो किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने जांच में जुट गई है। दोनों किशोर होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गए थे।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के राधा पिपलिया गांव के लक्ष्मी सरोवर में नहाने गए, दो किशोर डूब गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मृतकों की पहचान दीपेश और रोहित के रूप में हुई है। बताया गया है कि दीपेश और रोहित होली खेलने के बाद तालाब पर नहाने गए थे। उनके साथ शुभम नामक एक अन्य किशोर था। उसने बताया है कि दोनों नहाते हुए गहरे पानी में चले गए और फिर डूब गए। उसने इस घटना की सूचना गांव वालों की दी और गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर दीपेश और रोहित को बाहर निकाला।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक व्याप्त है, वही दोनों के शवों के पोस्टमार्टम कराए जाने की तैयारी चल रही है।
दरअसल, त्योहार सहित अन्य अवसरों पर बड़ी संख्या में लोग जलाशय पर स्नान करने जाते हैं और किशोरों की संख्या अन्य वर्ग के लोगों की तुलना में कहीं ज्यादा रहती है। इस तरह के हादसे इन अवसरों पर होना आम बात हो गई है। इसकी वजह भी है क्योंकि सुरक्षा के खास इंतजाम नहीं रहते साथ ही पानी कितना गहरा है इस बात का भी अंदाजा नहीं रहता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 March 2026 10:34 PM IST












