महाराष्ट्र दलदल की वजह से गिरी हाइड्रोलिक क्रेन; हादसे में 10 लोग घायल, एमएमआरडीए बोला-बरती जा रही सावधानी

महाराष्ट्र दलदल की वजह से गिरी हाइड्रोलिक क्रेन; हादसे में 10 लोग घायल, एमएमआरडीए बोला-बरती जा रही सावधानी
मुंबई के कुर्ला इलाके के कुरैशी नगर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब एक इमारत में सामान उठाते वक्त हाइड्रोलिक क्रेन गिर गई। हादसे में कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हाइड्रोलिक क्रेन, रेलवे के हाई-टेंशन ओवरहेड तारों, पास की झुग्गियों, सम्राट अशोक नगर की सड़क, एक कंपाउंड वॉल और एमएचएडीए बिल्डिंग के कंपाउंड में खड़ी तीन गाड़ियों पर गिरी।

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के कुर्ला इलाके के कुरैशी नगर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब एक इमारत में सामान उठाते वक्त हाइड्रोलिक क्रेन गिर गई। हादसे में कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हाइड्रोलिक क्रेन, रेलवे के हाई-टेंशन ओवरहेड तारों, पास की झुग्गियों, सम्राट अशोक नगर की सड़क, एक कंपाउंड वॉल और एमएचएडीए बिल्डिंग के कंपाउंड में खड़ी तीन गाड़ियों पर गिरी।

इस हादसे में सादिक कुरैशी नामक एक शख्स के जीजा और बहन घायल हुए हैं। आईएएनएस से बातचीत करते हुए सादिक ने कहा, "मेरी बहन और जीजा का घर एमएमडीआरए इलाके में है, जहां एक क्रेन गिर गई। क्रेन उनके घर के पिछले हिस्से की तरफ गिरी, जिससे बगल वाले घर को भी नुकसान पहुंचा। मेरी बहन और जीजा की हालत गंभीर है और उन्हें कुर्ला वेस्ट के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम सब तुरंत वहां पहुंचे। जब मैंने अपने जीजा को देखा, तो उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, खासकर उनकी आंखों के आसपास और उनकी हालत बहुत खराब थी।"

सादिक ने आगे बताया कि मेरे बगल में रहने वाले चार लोग और पीछे के घर में शादी में आए बच्चों और बड़ों को चोट लगी है। उन्होंने बताया कि एमएमआरडी की बिल्डिंग को तोड़ने के लिए क्रेन आई थी। लोगों ने बताया कि रात 12:30 बजे क्रेन आई है। रिहायशी इलाकों से होते हुए क्रेन को एमएमआरडी इलाके में को ले जाया गया। दलदल की वजह से पूरी क्रेन पलट गई।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए एक स्थानीय निवासी का कहना है, "उन्होंने सुरक्षा के इंतजामों का कोई ध्यान नहीं रखा। ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। एक महीने पहले, एक दीवार गिर गई थी और एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वह घटना वहीं हुई थी जहां यह जाली लगाई गई थी। इसके लिए सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है और ठेकेदार हमारी बात नहीं सुनते।" उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त मैं घर में सो रहा था; अचानक आवाज आई तो सभी की नींद टूट गई। यहां के चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है; उनकी स्थिति को लेकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।

हादसे में घायल 8 लोगों को सायन अस्पताल और दो लोगों को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि हादसे से ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि यह मुख्य रूप से मालगाड़ियों के लिए बनी लाइन है। क्रेन के घरों पर गिरने से 4-5 घरों को नुकसान पहुंचा है।

एमएमआरडीए अधिकारी की ओर संदेश जारी किया गया। संदेश में कहा गया कि मुंबई के कुर्ला स्थित इमारत क्रमांक 1 पर तोड़फोड़ का काम चल रहा था। इस काम के लिए क्रेन घटनास्थल पर लाई गई थी; हालांकि क्रेन का वास्तविक काम शुरू नहीं हुआ था। क्रेन को घटनास्थल पर खड़ा करने की प्रक्रिया के दौरान वह एक तरफ झुककर पास के निर्माणाधीन ढांचे की दिशा में गिर गई। घटनास्थल की जमीन नरम और कीचड़ वाली होने के कारण क्रेन की स्थिरता प्रभावित हुई है, ऐसा प्राथमिक तौर पर सामने आ रहा है।

अधिकारी की ओर से जारी संदेश में कहा गया, "इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को एमएमआरडीए के माध्यम से आवश्यक चिकित्सा सहायता और मदद उपलब्ध कराई जा रही है। एमएमआरडीए ने तुरंत आवश्यक मशीनरी और जनशक्ति घटनास्थल पर तैनात कर दी है और गिरी हुई क्रेन को हटाने का काम प्राथमिकता से शुरू किया गया है। घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया है और सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Aug 2026 1:16 PM IST

Tags

Next Story