महाराष्ट्र के किसानों के साथ है राज्य सरकार, जल्द आएगा राहत पैकेज राम कदम
मुंबई, 23 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में कई अहम मुद्दों पर भाजपा नेता राम कदम ने प्रतिक्रिया दी है। चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया, किसानों को सूखे जैसी स्थिति में मदद, ड्रग्स के खिलाफ अभियान और आईआईटी बॉम्बे सुसाइड केस पर उन्होंने अपना पक्ष रखा।
एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर राम कदम ने आईएएनएस से कहा, चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और इस पर टिप्पणी करने से पहले मूल बात को समझना होगा कि एसआईआर की आवश्यकता क्या है। क्या फर्जी नामों को मतदाता सूची से हटाने की आवश्यकता नहीं है?
उन्होंने कहा कि यह सशक्त लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि फर्जी वोटरों के नाम हटाए जाएं और असली वोटर के नाम मतदाता सूची में बने रहें। बस इतना ही काम एसआईआर का है लेकिन अगर विपक्ष इस पर आरोप-प्रत्यारोप करना चाहता है, तो क्या कहा जाए। एसआईआर एक पारदर्शिता वाला काम है, जिसके जरिए फर्जी वोटर हटाए जा रहे हैं और असली वोटरों के नाम रखे जा रहे हैं। ये पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ हो रही है।
राम कदम ने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप लाजमी है लेकिन फर्जी वोटर का नाम हटाना ये राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग फर्जी वोटर हटाने का विरोध करते हैं, क्या वे देश में फर्जी वोटिंग का समर्थन करते हैं। क्यों चाहिए आपको दो बार, चार बार नाम। मतदाता को एक ही वोट देने का अधिकार है ना, चार नाम क्यों चाहिए, इसका जवाब देना चाहिए। जिसका नाम ही नहीं है, उसका नाम हम मतदाता सूची में दर्ज करा रहे हैं, तो उसका विरोध कैसे हो सकता है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा सूखे जैसी स्थिति से प्रभावित किसानों के लिए तत्काल सहायता की घोषणा पर राम कदम ने कहा, महाराष्ट्र के सभी मंत्री फील्ड में हैं और किसानों के साथ हैं। किसान हमारे भाई हैं। किसानों के साथ राज्य सरकार पहले भी थी, अब भी है और भविष्य में भी रहेगी। हम उनको अकेला नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके लिए मुख्यमंत्री ने हर मंत्री को कहा है कि खेत में जाओ, किसानों के घर जाओ। किसानों का क्या नुकसान हुआ है, इसका जायजा लेकर एक बहुत अच्छा पैकेज महाराष्ट्र सरकार किसानों के हित में ला रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ड्रग्स के खिलाफ जंग के लिए 2029 की समय सीमा तय करने पर राम कदम ने कहा, युवा देश का भविष्य हैं, वे ड्रग्स और नशे में न फंसे, इसलिए भारत को नशामुक्त बनाना, यह उज्जवल भारत के भविष्य की बात है। भारत अब वह भारत नहीं रहा, भारत अब देश की चौथी बड़ी आर्थिक अर्थव्यवस्था बन गया है।
आईआईटी बॉम्बे सुसाइड केस पर उन्होंने कहा, यह उस परिवार के साथ संवेदना प्रकट करने का समय है, न कि राजनीति करने का। परिवार के साथ सरकार खड़ी है और परिवार को न्याय दिलाना राज्य सरकार का दायित्व है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Sept 2026 1:20 PM IST












