महाराष्ट्र में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित, फसलों पर भी पड़ रहा असर
अमरावती, 23 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में तेज गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। भीषण गर्मी के चलते लोग दिन के समय घरों से कम निकल रहे हैं। बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दे रही है।
अमरावती के अलावा वर्धा, चंद्रपुर और अकोला जैसे जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसका असर सिर्फ लोगों की दिनचर्या पर ही नहीं, बल्कि खेती और फसलों पर भी देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के पीछे पर्यावरण का लगातार हो रहा नुकसान एक बड़ी वजह है।
अमरावती में एक स्थानीय निवासी ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि बड़ी संख्या में जंगल खत्म किए जा रहे हैं और जंगलों के बीच सीमेंट की सड़कें बनाई जा रही हैं। इंसानी गतिविधियों की वजह से प्रकृति का संतुलन बिगड़ता जा रहा है और इसका असर अब सीधे मौसम पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले जिस तरह का मौसम हुआ करता था, अब वैसा नहीं रहा। लगातार पेड़ों की कटाई और जंगलों के कम होने से तापमान तेजी से बढ़ रहा है। उनका कहना है कि इस समय महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है और यह हालात आने वाले दिनों में और गंभीर हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि अगर इसी तरह पर्यावरण को नुकसान पहुंचता रहा तो भविष्य में और बड़ी समस्याएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी का असर अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों और खेती पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है। खेतों में फसलें सूखने लगी हैं और किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।
उनका कहना है कि अब समय आ गया है कि लोग जागरूक हों और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से न सिर्फ वातावरण ठंडा रहेगा, बल्कि बारिश भी बेहतर होगी और प्राकृतिक संतुलन बना रहेगा। उनका कहना है कि अगर अभी से कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में गर्मी और जल संकट जैसी समस्याएं और बढ़ सकती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 May 2026 11:56 PM IST












