महाराष्ट्र पालघर में घर में घुसकर महिला की हत्या और लूट, यूपी से दबोचे गए दो आरोपी

पालघर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में पालघर पुलिस को बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या और फिर सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार होने के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से चोरी किए गए करीब 90 हजार रुपये मूल्य के सभी आभूषण बरामद किए गए हैं।
पालघर पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह वारदात 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे से 11 अक्टूबर की सुबह 9:15 बजे के बीच हुई। पालघर के देवीशा रोड स्थित तुलसी दर्शन गिरिराज बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 201 में रहने वाली शोभा अनिलकुमार पंडित (61) को निशाना बनाया गया।आरोपियों ने घर में घुस कर दोनों अलमारियों का सामान खंगाला और सामान जमीन पर बिखेर दिया।
इसके बाद शोभा पंडित के गले से सोने की चेन और लॉकेट, कानों के आभूषण तथा पैरों की चांदी की पायल लूट ली। वारदात के दौरान महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस मामले में 11 अक्टूबर को पालघर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन और निर्देशों पर पालघर पुलिस स्टेशन तथा स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा की अलग-अलग जांच टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की लालगंज तहसील के ठेकमा बाजार निवासी रिंकू समशेर माली (36) और राजू वीरेंद्र जायसवाल (28) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच के दौरान इस अपराध में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में चोरी किए गए सोने की चेन, कानों के आभूषण, गले का लॉकेट और चांदी की पायल सहित कुल 90,000 रुपये मूल्य का माल जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से हत्याकांड की जांच में सफलता मिली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
