महाराष्ट्र एसटी निगम में जल्द होगी 13980 ड्राइवर और मैकेनिकों की भर्ती, फर्जीवाड़ा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप बाबूराव सरनाईक ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन (एसटी) निगम में जल्द ही लगभग 13,980 ड्राइवर और मैकेनिकों की संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से और निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जाए।
मंत्रालय में शुक्रवार को एसटी निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
सरनाईक ने कहा कि भर्ती के लिए नियुक्त एजेंसी और एसटी प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि बाहरी एजेंसी के माध्यम से चुने गए उम्मीदवार केवल एसटी निगम द्वारा निर्धारित पात्रता मानकों के आधार पर ही चयनित हों। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी उम्मीदवार के साथ धोखाधड़ी न हो और इसकी पूरी जिम्मेदारी एसटी प्रशासन की होगी।
बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ निजी संगठन और व्यक्ति एसटी निगम के नाम का दुरुपयोग कर बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और एसटी निगम की छवि भी प्रभावित हो रही है।
इस पर परिवहन मंत्री ने एसटी निगम के सुरक्षा एवं सतर्कता विभाग को ऐसे मामलों की गहन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसटी निगम के नाम पर भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले संगठनों और व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मुकदमे दर्ज किए जाएं।
सरनाईक ने चेतावनी देते हुए कहा कि भर्ती के नाम पर बेरोजगार युवाओं को ठगने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और उम्मीदवारों के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
