महिला टी20 विश्व कप 2026 इंग्लैंड टीम का ऐलान, 18 वर्षीय टिली कोलमैन को मिली जगह

महिला टी20 विश्व कप 2026 इंग्लैंड टीम का ऐलान, 18 वर्षीय टिली कोलमैन को मिली जगह
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बाएं हाथ की 18 वर्षीय अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार इंग्लिश टीम में जगह दी गई है।

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बाएं हाथ की 18 वर्षीय अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार इंग्लिश टीम में जगह दी गई है।

टिली कोलमैन सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन के साथ मिलकर इंग्लैंड के स्पिन अटैक को मजबूती प्रदान करेंगी। टिली कोलमैन का प्रदर्शन हाल ही में हुए 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में शानदार रहा था। उन्होंने 9 मुकाबलों में 5.75 के शानदार इकोनॉमी रेट से 11 विकेट चटकाए थे। सदर्न ब्रेव को फाइनल तक पहुंचाने में कोलमैन ने अहम भूमिका निभाई थी। घरेलू वनडे मुकाबलों में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है। वह 7 पारियों में 10 विकेट निकाल चुकी हैं।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम की घोषणा की। इस मेगा इवेंट के लिए इंग्लैंड टीम की कप्तानी साइवर-ब्रंट के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, चार्ली डीन उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। इस्सी वोंग और लॉरेन फाइलर को भी टीम में जगह दी गई है, जो अपने करियर का पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगी। उंगली की चोट से उबर रहीं सारा ग्लेन को टीम में शामिल नहीं किया गया है।

टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई यही इंग्लैंड टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी। विश्व कप के लिए चुनी गई टीम के बारे में बात करते हुए इंग्लैंड टीम के हेड कोच शार्लेट एडवर्ड्स ने कहा, "इंतजार और सोच-विचार खत्म हो गया है; हमने अपनी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान कर दिया है, और इसमें कोई शक नहीं है कि इन 15 नामों तक पहुंचना बहुत मुश्किल रहा है। यह सबसे मुश्किल सिलेक्शन मीटिंग थी जिसका मैं हिस्सा रही हूं, क्योंकि चुनने के लिए खिलाड़ियों का पूल बहुत मजबूत है। घरेलू मैदान पर आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप खेलना इस देश के खेल के लिए खास पल है।"

महिला टी20 विश्व कप में पहली बार इंग्लैंड की कप्तानी करने जा रहीं साइवर-ब्रंट ने कहा, "अपने परिवार, दोस्तों और सभी समर्थकों के सामने अपने देश में टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को लीड करना बहुत बड़े सम्मान की बात है। मुझे पता है कि 2009 में विश्व कप जीतना खिलाड़ियों और कप्तान के तौर पर शार्लेट एडवर्ड्स के लिए कितना मायने रखता था। इसके साथ ही हीथर नाइट की कप्तानी में 2017 वनडे वर्ल्ड कप में मिली जीत भी काफी खास थी।"

महिला टी20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम: नेट साइवर-ब्रंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग और डैनी वायट-हॉज।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 April 2026 4:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story