'महिलाओं का सम्मान मेरे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं, व्यक्तिगत संकल्प है,' रक्षाबंधन पर बोले अखिलेश यादव
लखनऊ, 28 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, उनकी सुरक्षा, उनके सपने और उनकी आकांक्षाएं उनके लिए केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि व्यक्तिगत संकल्प हैं।
उन्होंने कहा कि वह ऐसे उत्तर प्रदेश के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां महिलाओं को समान अवसर, न्याय, स्वाभिमान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नेतृत्व का पूरा अधिकार मिले।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक पत्र जारी कर कहा, "मेरी प्यारी माताओं, बहनों और बेटियों, रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, यह विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और रिश्तों की पवित्र जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस अवसर पर मैं आप सभी को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपका सम्मान, आपकी सुरक्षा, आपके सपने और आपकी आकांक्षाएं मेरे लिए केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि व्यक्तिगत संकल्प हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की हर बेटी को निर्भय होकर पढ़ने का अधिकार मिले, हर बहन को आगे बढ़ने के अवसर मिले, हर मां को यह भरोसा हो कि उसका परिवार सुरक्षित और सम्मानित है, यही मेरा वचन है। मैं ऐसे उत्तर प्रदेश के लिए प्रतिबद्ध हूं जहां महिलाओं को केवल संरक्षण नहीं, बल्कि समान अवसर, न्याय, स्वाभिमान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नेतृत्व का पूरा अधिकार मिले।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं मानता हूं कि जब एक महिला सुरक्षित होती है, तो परिवार मजबूत होता है। जब एक बेटी आगे बढ़ती है, तो समाज आगे बढ़ता है, और जब बहनों के सपनों को पंख मिलते हैं, तो पूरा प्रदेश प्रगति करता है। इसलिए हमारा संघर्ष केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि ऐसे भविष्य के लिए है, जहां उत्तर प्रदेश की हर महिला अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ जी सके।
उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके मान-सम्मान, अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए मेरी आवाज भी उठेगी, मेरा संघर्ष भी चलेगा और मेरी प्रतिबद्धता भी अडिग रहेगी। आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Aug 2026 9:47 AM IST











