महुआ मोइत्रा का चुनाव आयोग पर निशाना, बोलीं- नौटंकी मत करो, जेल जाओगे

महुआ मोइत्रा का चुनाव आयोग पर निशाना, बोलीं- नौटंकी मत करो, जेल जाओगे
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और अब उसी को जोड़ने के लिए दिखावा किया जा रहा है।

कोलकाता, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और अब उसी को जोड़ने के लिए दिखावा किया जा रहा है।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "भाजपा के लिए वोट चोरी करने और लाखों वैध मतदाताओं के नाम अवैध रूप से रद्द करने के बाद कृपया यह नौटंकी मत कीजिए। वोट चोरों, आप जेल जाओगे।"

दरअसल, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने 12 अक्टूबर को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) ने यह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय अभियान शुरू किया है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रह जाए।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान के तहत पूरे राज्य में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से कहा गया है कि यदि किसी को कोई शिकायत है तो वह संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) से संपर्क कर सकता है।

सीईओ कार्यालय ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर सूची से बाहर न रहे।

हालांकि, महुआ मोइत्रा ने इस पहल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पहले मतदाताओं के नाम हटाए गए और अब उन्हीं को जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उनकी टिप्पणी के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

फिलहाल, चुनाव आयोग या सीईओ कार्यालय की ओर से महुआ मोइत्रा की टिप्पणी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Oct 2026 11:37 PM IST

Tags

Next Story