मैहर में शारदा लोक से धार्मिक तीर्थाटन में होगी वृद्धि, रोजगार भी बढ़ेगा सीएम मोहन यादव

मैहर में शारदा लोक से धार्मिक तीर्थाटन में होगी वृद्धि, रोजगार भी बढ़ेगा सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि मैहर में शारदा लोक का निर्माण होने से धार्मिक तीर्थाटन में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

मैहर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि मैहर में शारदा लोक का निर्माण होने से धार्मिक तीर्थाटन में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री यादव ने शारदा मंदिर क्षेत्र में बनने वाले लोक के प्रथम चरण का बुधवार को भूमि पूजन किया, जिस पर लगभग 9 करोड़ की लागत आएगी। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मां शारदा की पावन नगरी मैहर देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मां शारदा का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे और मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति एवं विकास के पथ पर आगे बढ़े, यही प्रार्थना है। मां शारदा लोक के निर्माण से मैहर में धार्मिक तीर्थाटन में वृद्धि होगी, जिससे जिले में स्थानीय लोगों के लिए रोजगारों का सृजन होगा और अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

मुख्यमंत्री यादव ने मैहर स्थित विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधानपूर्वक मां शारदा का पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री यादव ने मां शारदा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री यादव का पूजन के बाद मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा मां शारदा का चित्र भेंट कर सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री यादव ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, दर्शन व्यवस्था एवं मंदिर परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने उज्जैन में महाकाल के महाकाल लोक के बाद प्रदेशभर में देवस्थानों के विकास का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रीराम वन गमन पथ, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा को अविरल रखने और विकास कार्यों के लिए 3 हजार करोड़ के कार्य मंजूर किए गए हैं। मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब नशे के खिलाफ अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने 19 धार्मिक स्थानों पर शराब दुकानें बंद की हैं। भावी पीढ़ियों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नशे से पीढ़ियां बर्बाद हो जाती हैं। परिवार के सदस्य बच्चों को नशे से दूर रखने और उनके बेहतर भविष्य के लिए बच्चों से संवाद हमेशा बनाए रखें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Aug 2026 10:30 PM IST

Tags

Next Story