मैं बस परिस्थिति और गेंद के हिसाब से खेल रहा था उर्विल पटेल

मैं बस परिस्थिति और गेंद के हिसाब से खेल रहा था उर्विल पटेल
आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ इस लीग का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने बताया कि वह बस मैच की परिस्थिति और बॉल को देखकर बल्लेबाजी कर रहे थे।

चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ इस लीग का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने बताया कि वह बस मैच की परिस्थिति और बॉल को देखकर बल्लेबाजी कर रहे थे।

उर्विल ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उर्विल ने यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी की। यशस्वी ने साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलते हुए 13 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की थी।

उर्विल ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 65 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 छक्के और दो चौके लगाए। उर्विल की तूफानी पारी के बूते सीएसके एलएसजी से मिले 204 रनों के लक्ष्य को 4 गेंदें शेष रहते हुए हासिल करने में सफल रही। सीएसके ने साल 2019 के बाद पहली बार 180 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज किया।

मैच के बाद उर्विल ने कहा, "मेरे दिमाग में कुछ नहीं था, लेकिन मैं बस परिस्थिति और गेंद के हिसाब से बैटिंग करना चाहता था। कोच ने बस मुझे एक स्थिर बेस बनाए रखने और फिर हिट करने के लिए कहा था, और मैंने वही किया। ऋतुराज ने कहा कि विकेट नीचा है और इसके लिए तैयार रहना है। उन्होंने मुझे ज्यादा कुछ नहीं बताया और मुझे मेरा नेचुरल गेम खेलने दिया।"

प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए जेमी ओवरटन ने अपने प्रदर्शन को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "बढ़िया प्रदर्शन करके अच्छा लगा। लाइन पार करके और दो और प्वाइंट्स हासिल करके अच्छा लगा। मुझे लगता है कि यह बस वही करने का नतीजा था जो मैं अच्छे से कर रहा था। मैंने बस स्टंप्स को हिट करने का प्रयास किया, जिसका फायदा मुझे मिला।"

ओवरटन ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 36 रन खर्च करते हुए 3 बड़े विकेट निकाले। यह चेन्नई सुपर किंग्स की इस सीजन की छठी जीत है और टीम अब प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर आ गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 May 2026 11:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story