मैनचेस्टर पहुंचे एलएसजी के खिलाड़ी मुकुल और अक्षत, लैंगर-विलियमसन के साथ लेंगे ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा

मैनचेस्टर पहुंचे एलएसजी के खिलाड़ी मुकुल और अक्षत, लैंगर-विलियमसन के साथ लेंगे ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने अपने युवा खिलाड़ियों को बेहतर बनाने के लिए खास पहल की है। एलएसजी ने अपने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी और अक्षत रघुवंशी को ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड के मैनचेस्टर भेजा है।

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने अपने युवा खिलाड़ियों को बेहतर बनाने के लिए खास पहल की है। एलएसजी ने अपने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी और अक्षत रघुवंशी को ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड के मैनचेस्टर भेजा है।

यह दोनों खिलाड़ी एलएसजी के हेड कोच जस्टिन लैंगर और टीम के रणनीतिक सलाहकार तथा न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन की निगरानी में अभ्यास करेंगे। एलएसजी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए लिखा कि मुकुल और अक्षत नई परिस्थितियों में नई चुनौतियों का सामना करते हुए नई चीजें सीखने के लिए मैनचेस्टर पहुंचे हैं, जहां यह दोनों विलियमसन और लैंगर के साथ ट्रेनिंग कैंप में शामिल होंगे।

जस्टिन लैंगर और केन विलियमसन इस समय इंग्लैंड में होने वाली 'द हंड्रेड' पुरुष प्रतियोगिता की तैयारी में व्यस्त हैं। दोनों मैनचेस्टर सुपर जायंट्स टीम के साथ कोचिंग स्टाफ की भूमिका निभाएंगे। इस टीम का मालिकाना हक भीएलएसजी की पैरेंट कंपनी आरपीएसजी ग्रुप के पास है।

राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया था। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन बनाने की क्षमता दिखाई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में उन्होंने नाबाद 54 रन बनाकर एलएसजी को रोमांचक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

हालांकि, एलएसजी का पूरा सीजन अच्छा नहीं रहा और टीम अंक तालिका में निचले स्थान पर रही। इसके बावजूद, मुकुल ने अपनी बल्लेबाजी से टीम मैनेजमेंट का भरोसा जीता। उन्होंने पूरे सीजन में 10 मैच खेले और 141.66 के स्ट्राइक रेट से 170 रन बनाए। वहीं, मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अक्षत रघुवंशी को आईपीएल में ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। उन्होंने तीन मैच खेले हैं और कुल 29 रन बनाए हैं। अब इंग्लैंड में मिलने वाली ट्रेनिंग उनके खेल को और निखारने में मदद कर सकती है।

मैनचेस्टर कैंप में दोनों बल्लेबाज इंग्लैंड की तेज और अलग तरह की पिचों पर खेलने की तकनीक सीखेंगे। इसके अलावा, उन्हें आधुनिक टी20 क्रिकेट में तेजी से रन बनाने, सही शॉट चयन और मैच की परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करने पर भी काम कराया जाएगा।एलएसजी ने हाल ही में अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व कप्तान ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड करने के बाद टीम ने अगले आईपीएल सीजन के लिए बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव को 13.5 करोड़ रुपये में शामिल किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2026 3:22 PM IST

Tags

Next Story