'सरकार मंदिर में धंधा चलाना चाहती है', राम मंदिर सीईओ की नियुक्ति पर भड़के इमरान मसूद
नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बुधवार को राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के तौर पर जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर निशाना साधा। इसके अलावा, उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे, जीडीपी ग्रोथ और चुनाव आयोग को लेकर भी प्रतिक्रियाएं दी।
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "आरएसएस का ही आदमी होगा, कोई दूसरा नहीं होगा। यह आस्था की बात है और साधु-संतों के हिसाब से ही सीईओ की नियुक्ति होनी चाहिए। मंदिर का काम साधु-संतों और पुजारी का है। लेकिन मंदिर में सीईओ बैठाया जा रहा है। सरकार चाह रही है कि इस पर धंधा चलाया जाए, तो वह चलाए।"
महाराष्ट्र में 2 करोड़ वोटरों के नाम हटाए जाने के राहुल गांधी के आरोपों पर इमरान मसूद ने चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने कहा, "मैं आपको एक बात बताता हूं। या तो पिछला चुनाव गलत था या यह वाला गलत है। एक बात तो पक्का गलत है। 2024 के बाद हुए सभी चुनाव गैर-कानूनी हैं। जो वोट आपने हटाए थे, उन्हें अब बंगाल में बहाल किया जा रहा है। तब आप पर सवाल उठेंगे।"
उन्होंने चुनाव आयुक्त को चेतावनी देते हुए कहा, "मैं चुनाव आयुक्त से कहना चाहता हूं कि देश इसे याद रखेगा। यह देश टी.एन. शेषन को नहीं भूला है, उन्होंने दिखाया था कि चुनाव आयोग क्या होता है। यह देश आपको भी नहीं भूलेगा। सरकार ने चुनाव आयोग को बर्बाद करने का काम किया है और देश इसे भूलेगा नहीं।"
उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 में सीट बंटवारे और कांग्रेस के 115-120 सीटों की मांग पर इमरान मसूद ने कहा कि मुझे नहीं पता कि यह आंकड़ा कहां से आया है। हम सम्मानजनक स्थिति के साथ चुनाव में उतरेंगे।
उन्होंने कहा, "हम सम्मानजनक स्थिति के साथ चुनाव में जाएंगे, क्योंकि कांग्रेस के लिए राहुल गांधी ने बहुत मेहनत की है, हम उस मेहनत को जाया नहीं होने देंगे। 2017 में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, उस समय 107 सीटें मिली थीं। अब हमारी स्थिति वैसी नहीं है। सीट बंटवारे में हमारी बढ़त दिखनी चाहिए।"
वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी 7.8 प्रतिशत रहने के दावों पर इमरान मसूद ने कहा, "पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने कहा है कि जीडीपी 2.6 प्रतिशत है, जो सच भी दिखाई देती है, क्योंकि रोटी, कपड़ा और मकान के दाम चार गुना हो गए हैं। आम आदमी और उपभोक्ता की जेब कट रही है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2026 9:44 PM IST












