मनजिंदर सिंह सिरसा का आप पर हमला, बोले-दिल्ली की हवा खराब करने वालों को देना होगा जवाब

मनजिंदर सिंह सिरसा का आप पर हमला, बोले-दिल्ली की हवा खराब करने वालों को देना होगा जवाब
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल दिल्ली में अपनी चुनावी हार का बदला दिल्ली की जनता से ले रहे हैं।

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल दिल्ली में अपनी चुनावी हार का बदला दिल्ली की जनता से ले रहे हैं।

दिल्ली के मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में इस सीजन अब तक पराली जलाने की 1,007 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें से 672 मामले अकेले तरनतारन, अमृतसर और फिरोजपुर जिलों से हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा बेहद चिंताजनक है और पंजाब की भगवंत मान सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।

सिरसा ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, तब वे और उनकी पार्टी के अन्य नेता अक्सर दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए पंजाब में पराली जलाने को बड़ा कारण बताते थे। आज पंजाब में आप की सरकार है, फिर भी पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार किसानों पर पराली जलाने के लिए दबाव डाल रही है, जिसका सीधा असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर पड़ रहा है।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पराली प्रबंधन के लिए किसानों को हर संभव मदद दी है। किसानों को हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ कटर और अन्य आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर सकें। कई किसान अब पराली को जलाने के बजाय उससे आर्थिक लाभ कमाने के विकल्पों को भी अपना रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पंजाब में मामले बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल, आप दस वर्षों तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे हैं और आप वायु प्रदूषण की समस्या और दिल्ली की जनता के सामने आने वाली कठिनाइयों से भली-भांति परिचित हैं। राजनीतिक कारणों से दिल्ली के लोगों के स्वास्थ्य और किसानों के हितों को खतरे में डालना उचित नहीं है। भगवंत मान सरकार को भी इस मामले में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और पराली जलाने को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।"

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस साल अब तक दिल्ली में 219 दिन हवा साफ रही है और एयर क्वालिटी इंडेक्स 60 तक पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देना है।

उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से प्रदूषण से जुड़ी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत किया जा रहा है ताकि प्रदूषण नियंत्रण के उपाय जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू हों। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब पड़ोसी राज्य भी दिल्ली के साथ मिलकर गंभीरता से काम करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story