मन की बात पीएम मोदी ने की पटना के 'बिहार म्यूजियम' और वडनगर के अनूठे म्यूजियम की सराहना

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना स्थित बिहार म्यूजियम और वडनगर के अनूठे म्यूजियम की प्रशंसा की है। 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे जहां भी घूमने जाएं, वहां के म्यूजिम्स के बारे में जरूर पता करें।
'मन की बात' कार्यक्रम के 140वें एपिसोड को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मेरे प्यारे देशवासियो, हम जब भी किसी नई जगह पर जाते हैं, तो हमारी इच्छा वहां की प्रसिद्ध जगहों को देखने की, वहां के खान-पान का आनंद लेने की होती है। मेरा आपसे एक आग्रह है कि आप जहां भी घूमने जाएं, वहां के म्यूजियम्स के बारे में भी जरूर पता करें।"
उन्होंने कहा, "हाल ही में, भारत के म्यूजियम्स से जुड़ी कुछ ऐसी खबरें आई हैं, जो बहुत उत्साह बढ़ाने वाली हैं। पटना में स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम्स की एक लिस्ट में 9वां स्थान मिला है। इस लिस्ट में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। आपने पेरिस के 'लूव्र म्यूजियम' का नाम सुना होगा। न्यूयॉर्क का 'द मेट' म्यूजियम भी दुनिया में बहुत प्रसिद्ध है। बिहार म्यूजियम इस लिस्ट में इन दोनों से आगे है।"
पीएम मोदी ने आगे कहा, "गुजरात के वडनगर में भी एक बहुत अनूठा म्यूजियम है। इसका नाम है 'अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम'। वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी बहुत सारी चीजें मिली हैं। जिस जगह पर ये खुदाई हुई है, उसी जगह पर इस म्यूजियम को विकसित किया गया है। यहां एक ऐसा रास्ता बनाया गया है, जिस पर चलते हुए आप जमीन के कई मीटर नीचे तक जो खुदाई हुई है, उसे देख सकते हैं। वडनगर म्यूजियम में पांच हजार से ज्यादा प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन की दुनिया का बड़ा सम्मान 'रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड' मिला है। ये भारत का पहला म्यूजियम है, जिसे ये सम्मान मिला है।
पीएम मोदी ने कहा, "वडनगर वो शहर है जो हजारों वर्षों जीवंत है, ठीक काशी की तरह। संयोग देखिए, वडनगर में मेरा जन्म हुआ और काशी का मैं सांसद हूं। अभी कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के पूज्य शंकराचार्य जी भी वडनगर गए थे। उन्होंने वडनगर को 'गुजरात की काशी' के रूप में पहचान दी है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
