प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर भाजपा नेता राम कदम बोले-कानून हाथ में लेने का समर्थन नहीं करेंगे
मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के तिलक नगर में रविवार को मंत्री दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर महाराष्ट्र से भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि हम कानून को हाथ में लेने का समर्थन नहीं करते हैं लेकिन किसी को उकसाने का भी समर्थन नहीं करेंगे।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि आम आदमी पार्टी 10 साल तक दिल्ली में सड़कों का निर्माण नहीं कर पाई और अब भाजपा सरकार द्वारा सड़क निर्माण का काम किए जाने को देख रही है और इसीलिए परेशान हो गई है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आम आदमी पार्टी के नेताओं या विधायकों ने ठेकेदारों से कमीशन मांगा था या सड़क निर्माण के काम में रुकावट डाली थी? ऐसी हरकतों का समर्थन कैसे किया जा सकता है।
राम कदम ने कहा कि मंत्री स्वयं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर यह देखने गए थे कि निर्माण कार्य किस तरह चल रहा है। ऐसे में मंत्री की मां, बहन, पत्नी और पूरे परिवार के साथ-साथ अधिकारियों के खिलाफ जान-बूझकर अपशब्दों का इस्तेमाल करना और उन्हें उकसाना क्या उचित है।
उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई आपत्ति है तो उसे जताने के लोकतांत्रिक तरीके हैं और सुझाव भी दिए जा सकते हैं। जिस परिवार का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है, उसके खिलाफ गाली-गलौज करने या लोगों को उकसाने का समर्थन नहीं किया जा सकता। कानून को हाथ में लेने का समर्थन न पहले किया है और न अब करते हैं। साथ ही, जानबूझकर किसी को उकसाने का भी समर्थन नहीं किया जा सकता।
इसी मामले में राहुल गांधी के बयान पर भी भाजपा नेता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के काम और आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा कथित तौर पर कमीशन मांगने के आरोपों का वोट चोरी से क्या संबंध है। राहुल गांधी का अध्ययन अधूरा है। 10 साल से आम आदमी पार्टी सरकार वहां पर सड़क नहीं बना पाई जबकि भाजपा सरकार के दौरान सड़क निर्माण का काम चल रहा है। मंत्री सड़कों पर उतरकर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं और उनके परिवार के खिलाफ गाली-गलौज की गई। किसी को जानबूझकर उकसाए जाने की स्थिति का समर्थन कैसे किया जा सकता है।
एसआईआर के मुद्दे पर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान पर भाजपा नेता ने कहा कि अगर किसी के पास कोई सबूत या दस्तावेज हैं कि किसी मतदाता के साथ अन्याय हुआ है, तो उन्हें सामने लाना चाहिए। अगर नहीं है तो झूठ नहीं बोलना चाहिए।
उन्होंने सवाल किया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में एक से अधिक बार दर्ज है, तो क्या ऐसे नामों को सूची से हटाने का भी विरोध किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्या यह विरोध राहुल गांधी के इशारे पर किया जाएगा।
आईआईटी में आत्महत्या करने वाले छात्र की मौत पर उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। इस दुखद घटना से पूरा देश दुखी है। सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 3:27 PM IST












