मथुरा में महोली हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

मथुरा में महोली हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र के महोली गांव में 28 अक्टूबर को हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात पुलिस और हत्याकांड के मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मथुरा, 2 नवंबर (आईएएनएस)। मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र के महोली गांव में 28 अक्टूबर को हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात पुलिस और हत्याकांड के मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11:15 बजे थाना हाईवे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महोली हत्याकांड का मुख्य आरोपी पालीखेड़ा से महोली की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल पालीखेड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर बाइक सवार युवक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली बाइक सवार युवक के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से हथियार व अन्य सामान बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल उर्फ विकास (32 वर्ष) पुत्र होरीलाल निवासी ग्राम महोली, थाना हाईवे, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा, नाल में फंसा एक खोखा कारतूस, दो अन्य खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 28 अक्टूबर को महोली गांव में हुई हत्या के संबंध में थाना हाईवे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस की टीमें मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी थीं।

उन्होंने बताया कि रविवार देर रात मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story