एमसीडी जोन चुनाव से पहले दिल्ली की सियासत गरमाई, आप ने भाजपा पर लगाए आरोप

एमसीडी जोन चुनाव से पहले दिल्ली की सियासत गरमाई, आप ने भाजपा पर लगाए आरोप
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में वार्ड कमेटी (जोन) चुनावों से पहले सियासत गरमा गई है। एमसीडी में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद इमरान चौधरी और वरिष्ठ नेता आले मोहम्मद इकबाल को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा पर अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में वार्ड कमेटी (जोन) चुनावों से पहले सियासत गरमा गई है। एमसीडी में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद इमरान चौधरी और वरिष्ठ नेता आले मोहम्मद इकबाल को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा पर अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

अंकुश नारंग ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि एमसीडी में वार्ड कमेटी (जोन) के चुनाव दो दिन बाद होने हैं। करोल बाग जोन में आम आदमी पार्टी पहले ही निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है। इस बार डिप्टी चेयरमैन निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि चेयरमैन पद के लिए चुनाव होना है। आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि भाजपा के पास केवल चार वोट हैं। ऐसे में सवाल यह है कि भाजपा को संभावित पांचवां वोट कहां से मिलेगा।

इसी संदर्भ में उन्होंने वार्ड नंबर-78 के पार्षद इमरान चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि वह जानना चाहते हैं कि क्या इमरान चौधरी भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए चुनाव में शामिल होंगे। इमरान चौधरी को हाल ही में आले मोहम्मद इकबाल के समर्थन से पार्षद बनाया गया था और मटिया महल की जनता ने भरोसा जताकर उन्हें चुना था। शोएब इकबाल और आले मोहम्मद इकबाल वर्षों से भाजपा के विरोध की राजनीति करते रहे हैं और मुस्लिम समाज ने भी उन्हें इसी आधार पर समर्थन दिया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इमरान चौधरी आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं करते तो क्या इसका मतलब यह होगा कि वह भाजपा को समर्थन देने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने छोटे से वार्ड कमेटी चुनाव के लिए यदि भाजपा का समर्थन किया जाता है तो यह मटिया महल की जनता के विश्वास के साथ छल होगा। चुनाव का परिणाम सभी के सामने होगा। यह चुनाव दोपहर 4 बजे होगा और यदि इमरान चौधरी मतदान के लिए आते हैं तो आम आदमी पार्टी पूरे घटनाक्रम को सार्वजनिक करेगी। पार्टी जनता को बताएगी कि किस तरह मतदान हुआ और किसने किसका साथ दिया।

अंकुश नारंग ने विश्वास जताया कि मतगणना के बाद आम आदमी पार्टी ही विजयी होगी। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि यदि इमरान चौधरी भाजपा के पक्ष में मतदान करते हैं तो यह अवसरवादी राजनीति का उदाहरण होगा और इसे मटिया महल की जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान और मतगणना के समय पूरी प्रक्रिया पर पार्टी की नजर रहेगी और जनता के सामने सभी तथ्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2026 11:08 PM IST

Tags

Next Story