निर्वाचन आयोग का मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन, 350 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

निर्वाचन आयोग का मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन, 350 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मीडिया और संचार से जुड़े अधिकारियों के लिए एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रभावी संचार व्यवस्था को मजबूत करना और अधिकारियों के बीच अनुभवों तथा सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना था।

नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मीडिया और संचार से जुड़े अधिकारियों के लिए एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रभावी संचार व्यवस्था को मजबूत करना और अधिकारियों के बीच अनुभवों तथा सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना था।

सम्मेलन में देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मीडिया नोडल अधिकारी (एमएनओ) और सोशल मीडिया नोडल अधिकारी (एसएमएनओ) शामिल हुए। इसके अलावा उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जिला मीडिया नोडल अधिकारी तथा जिला जनसंपर्क अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल हुए, जहां विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का तीसरा चरण चल रहा है या निकट भविष्य में चुनाव प्रस्तावित हैं।

कार्यक्रम में 350 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी ने संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में संपन्न हुए चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी स्वतंत्रता के बाद के सबसे ऊंचे स्तरों में रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता तक पहुंचने वाली हर जानकारी समय पर, सरल भाषा में और पूरी तरह तथ्यों तथा कानूनों पर आधारित होनी चाहिए।

चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि किसी भी संचार प्रक्रिया का मूल्यांकन केवल सूचना देने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसके प्रभाव को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

वहीं, चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के नियम, निर्देश और दिशानिर्देश आम लोगों तक आसान और समझने योग्य रूप में पहुंचाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है।

सम्मेलन के दौरान चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें मतदाता सूची के पुनरीक्षण से लेकर मतदान प्रक्रिया तक की संचार रणनीतियों, ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म, संवैधानिक प्रावधानों, चुनावी कानूनों और हाल के सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों पर जानकारी दी गई। साथ ही प्रेस नोट तैयार करने, मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं के प्रसार, भ्रामक सूचनाओं से निपटने, युवा मतदाताओं को जागरूक करने और निर्वाचन आयोग की पहलों को जनता तक पहुंचाने पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न विषयों पर आयोग से मार्गदर्शन प्राप्त किया। निर्वाचन आयोग का मानना है कि इस तरह के सम्मेलन चुनावी संचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Jun 2026 10:58 PM IST

Tags

Next Story