मेरठ हत्याकांड सौरभ राजपूत के भाई की मांग- 'मुस्कान और साहिल को मिले फांसी की सजा', आज कोर्ट सुनाएगा फैसला
मेरठ, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में बुधवार को आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर फैसला सुनाया जाएगा। जिला जज की अदालत में सुनवाई से पहले सौरभ राजपूत के भाई ने मांग की है कि मुस्कान और साहिल दोनों को फांसी होनी चाहिए। अगर फांसी नहीं हुई तो वो सुप्रीम कोर्ट तक न्याय के लिए लड़ाई लड़ेंगे।
मृतक सौरभ राजपूत के भाई राहुल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "हम शुरू से यही उम्मीद लगाए हुए हैं कि हमें इंसाफ मिलेगा। हमने शुरू से एक ही मांग रखी है कि जो उन्होंने हमारे भाई के साथ किया, वो उनके साथ हो। उन्हें कम से कम फांसी होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि हम लगभग डेढ़ साल से इंसाफ के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाई की हत्या के बाद उनका काम लगभग पूरी तरह खत्म हो चुका है। अदालत के लिए सुबह 11 बजे निकलना और शाम करीब 5 बजे घर लौटना होता है। राहुल ने बताया कि 11 दिन वे खुद और 9 दिन उनकी मां को पेश होना पड़ा है। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी पेश हुए हैं।
राहुल ने बताया कि इस मामले में कुल 22 गवाह हैं, जिन्होंने अदालत में गवाही दी है। उन्होंने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि हमारी शुरू से उम्मीद यही है कि दोनों को फांसी होनी चाहिए। राहुल ने कहा कि अदालत जिला अदालत से दोनों आरोपियों को कम सजा मिली तो हम हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।
बता दें कि सौरभ राजपूत हत्याकांड नीले ड्रम की वजह से पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। सौरभ की लाश उसके ही घर में एक नीले ड्रम के अंदर मिली थी। पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल पर सौरभ की हत्या कर उसके शव को नीले ड्रम में भरने का आरोप है। पिछले साल 19 मार्च को पुलिस ने मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 10:22 AM IST












