'मेरे पोते ने लठ गाड़ दिया, वापसी पर जोरदार स्वागत करेंगे,' पुरुष कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, अयान लोहचब के गांव में मना जश्न

मेरे पोते ने लठ गाड़ दिया, वापसी पर जोरदार स्वागत करेंगे, पुरुष कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, अयान लोहचब के गांव में मना जश्न
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शनिवार को ईरान के खिलाफ 40-34 से जीत हासिल करते हुए एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता। हरियाणा स्थित झज्जर के बुपनिया गांव के स्टार रेडर अयान लोहचब भारत की गोल्ड जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा थे। भारत के स्वर्णिम प्रदर्शन पर अयान के घर और पूरे गांव में जश्न का माहौल है। यहां लोग 30 सितंबर को उनके भव्य स्वागत की तैयारी में जुट गए हैं।

झज्जर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शनिवार को ईरान के खिलाफ 40-34 से जीत हासिल करते हुए एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता। हरियाणा स्थित झज्जर के बुपनिया गांव के स्टार रेडर अयान लोहचब भारत की गोल्ड जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा थे। भारत के स्वर्णिम प्रदर्शन पर अयान के घर और पूरे गांव में जश्न का माहौल है। यहां लोग 30 सितंबर को उनके भव्य स्वागत की तैयारी में जुट गए हैं।

अयान की दादी ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए 'आईएएनएस' से कहा, "मेरे पोते ने लठ गाड़ दिया। पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया। देश का नाम रोशन कर दिया। वापसी पर हम उनका जोरदार स्वागत करेंगे। मेरे पोते को चूरमा बहुत पसंद है, उसको चूरमा खिलाऊंगी।"

अयान की मां सोनिया ने कहा, "मैं अपने बेटे की उपलब्धि पर बहुत ही खुश हूं। मेरे बेटे ने अपनी मेहनत और ईमानदारी से भारत माता की झोली में मेडल डाला है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। मेरे बेटे ने अपने परिवार, गांव और देश का नाम ऊंचा किया है। इसी तरह मेरा बेटा मेहनत करता रहे और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ता रहे। इस खुशी के अवसर पर आज हमारा परिवार इकट्ठा होकर उन्हें बधाई दे रहा है। हम उनका भव्य स्वागत करेंगे। सभी माता-पिता और बच्चों को मेरा संदेश है कि अयान की तरह मेहनत करें और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ें। अयान की तरह अपने देश को गोल्ड दिलाएं और तरक्की करते हुए माता-पिता का नाम रोशन करें।"

अयान की बहन अंजू ने कहा, "मेरे भाई ने आज मेडल जीता है। ये बहुत गर्व की बात है। मेरे भाई ने देश के लिए गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने बचपन से ही काफी मेहनत की है, आज उनकी मेहनत और कोशिश रंग लाई, वो जीत गए हैं। इस खुशी में हम 30 सितंबर को कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। हम ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत करेंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Sept 2026 10:41 PM IST

Tags

Next Story