मीराबाई चानू ने एक बार फिर मणिपुर और भारत को गौरवान्वित किया सीएम खेमचंद सिंह
इंफाल, 23 सितंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को साइखोम मीराबाई चानू को जापान में जारी एशियन गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि चानू की इस उपलब्धि से राज्य और देश को बहुत गर्व हुआ है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सीएम खेमचंद सिंह ने लिखा, "जापान में एशियन गेम्स में महिलाओं के 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में कुल 198 किग्रा वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीतने पर मणिपुर की शान, साइखोम मीराबाई चानू को बहुत-बहुत बधाई।"
खुद ताइक्वांडो के मास्टर रहे खेमचंद सिंह ने कहा, "उनकी ताकत, दृढ़ संकल्प और लगन ने एक बार फिर मणिपुर और भारत को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि हमारे युवा एथलीट्स को बड़े सपने देखने और नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करे। मीराबाई, हमें आप पर गर्व है।"
32 वर्षीय चानू ने कुल 198 किग्रा वजन उठाया, जिसमें स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 111 किग्रा शामिल था। वह नॉर्थ कोरिया की री सोंग-गम (जिन्होंने कुल 210 किग्रा वजन उठाया) के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। इंडोनेशिया की विजयाना लुलुक डियानी ट्राई ने 191 किग्रा के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस मेडल के साथ ही एशियन गेम्स में पोडियम तक पहुंचने का चानू का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया।
2020 टोक्यो ओलंपिक खेलों की सिल्वर मेडलिस्ट चानू चोट के कारण 2018 एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले पाई थीं। वहीं, 2022 हांगझोऊ खेलों में 'क्लीन एंड जर्क' के दौरान जांघ की चोट से जूझते हुए वह चौथे स्थान पर रही थीं।
दूसरी, एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को भारत की नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा वुशू सांडा इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है। वह ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बेहद करीब हैं। हालांकि, कम से कम सिल्वर मेडल सुनिश्चित करते हुए लगातार तीसरा कॉन्टिनेंटल मेडल भी पक्का कर लिया है।
इस मौके पर मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बधाई देते हुए लिखा, "गोल्ड जीतो, रोशिबिना। मणिपुर पुलिस, अपनी उपाधीक्षक नाओरेम रोशिबिना देवी को कल नागोया, जापान में होने वाले 20वें एशियन गेम्स 2026 में वुशु - महिला सांडा 60 किलोग्राम फाइनल के लिए शुभकामनाएं देती है। लगातार तीन एशियन गेम्स मेडल जीतने वाली पहली भारतीय वुशु खिलाड़ी के तौर पर इतिहास रचने के बाद, अब आप गोल्ड जीतने से बस एक कदम दूर हैं। पूरा मणिपुर पुलिस परिवार और मणिपुर के लोग आपके साथ हैं। गोल्ड जीतो, चैंपियन। हमें आप पर गर्व है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Sept 2026 10:21 PM IST












