मिर्जापुर अशोक यादव को बनाया गया सपा जिलाध्यक्ष, देवी प्रसाद चौधरी पदमुक्त
मिर्जापुर, 16 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। मिर्जापुर में सपा की कमान एक बार फिर अशोक यादव को सौंपी गई है। पार्टी हाईकमान ने उन्हें जिला मिर्जापुर का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नामित किया है, जबकि मौजूदा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी को पदमुक्त कर दिया गया है।
समाजवादी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय 18, कॉपरनिक्स लेन, नई दिल्ली से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
बुधवार को जारी कार्यालय-ज्ञापन के अनुसार, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से अशोक यादव निवासी सिविल लाइन मिर्जापुर को समाजवादी पार्टी जिला मिर्जापुर का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नामित किया जाता है। इस आदेश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम के हस्ताक्षर हैं।
आदेश की प्रतिलिपि राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश, नवनियुक्त कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव और पूर्व जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी को प्रेषित की गई है।
बताया जा रहा है कि मिर्जापुर में संगठन की निष्क्रियता और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह बदलाव किया गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पूर्वांचल में मिर्जापुर सपा के लिए अहम जिला माना जाता है और यहां पार्टी नए सिरे से सामाजिक समीकरण साधना चाहती है।
अशोक यादव इससे पहले भी सपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी अशोक यादव को जमीनी नेता के रूप में जाना जाता है और कार्यकर्ताओं में उनकी अच्छी पैठ है। यही वजह है कि पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
वहीं, देवी प्रसाद चौधरी को हटाए जाने को लेकर भी चर्चा तेज है। सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक गतिविधियों में सुस्ती और चुनावी तैयारियों में अपेक्षित सक्रियता न दिखाने के कारण उन्हें पद से हटाया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Sept 2026 12:01 AM IST












