मिस ब्रिगेंजा का किरदार मेरी जीत और कमी दोनों है अर्चना पूरन सिंह
मुंबई, 25 जुलाई (आईएएनएस)। 1998 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में मिस ब्रिगेंजा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को आज भी दर्शक उसी नाम से याद करते हैं। अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि उन्होंने अपने वेब सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' के जरिए इसी दिशा में एक कदम बढ़ाया है। इस प्रोजेक्ट में उन्होंने जानबूझकर मिस ब्रिगेंजा वाली अपनी छवि से अलग किरदार निभाने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा, "'आदर्श बाल विद्यालय' में मैंने जो किरदार निभाया है, वह मिस ब्रिगेंजा से बिल्कुल अलग है। मुझे उम्मीद है कि यह किरदार भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाएगा। किसी फिल्म को सफल बनाने में उससे जुड़े हर व्यक्ति का योगदान होता है। मैं मिस ब्रिगेंजा के किरदार से काफी आगे बढ़ चुकी हूं और उम्मीद करती हूं कि दर्शक भी मुझे उस पुराने किरदार से आगे एक नए रूप में देखेंगे।"
हालांकि, अभिनेत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि दर्शकों के अब उनके मिस ब्रिगेंजा के किरदार से आगे बढ़ जाना चाहिए। अर्चना पूरन सिंह का मानना है कि इस किरदार ने उनकी अभिनय सफर में एक उपलब्धि और चुनौती स्थापित की है। उन्होंने कहा, "मिस ब्रिगेंजा एक तरफ मेरी जीत हैं, लेकिन इसे मेरी कमी भी कहा जा सकता है कि मैं अब तक ऐसा कोई दूसरा किरदार नहीं कर पाई, जो मिस ब्रिगेंजा को पीछे छोड़ सके। इसका मतलब है कि जो कुछ अच्छा करना था, वह मैंने 20–25 साल पहले कर दिया। अब तक वैसा कुछ नया नहीं कर पाई।"
अर्चना ने आगे कहा, "लेकिन अगर मैं इसे सकारात्मक नजरिए से देखूं, तो यह धर्मा और करण जौहर द्वारा बनाया गया एक शानदार किरदार था। अगर मैंने इसे अच्छे से निभाया, तो यह लोगों के दिलों और यादों में हमेशा के लिए बस गया।"
उन्होंने यह भी कहा कि हर अभिनेता की इच्छा होती है कि वह खुद को नए-नए किरदारों के जरिए फिर से साबित करे।
बता दें कि हिंदी कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' में अर्चना पूरन सिंह ने उर्मिला नाम का किरदार निभाया है, जो राजनीतिक रसूख रखने वाली महिला है। वह निजी जीवन की पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं।
सीरीज को हिमांक गौर ने निर्देशित किया है। इसमें के के मेनन, अर्चना पूरन सिंह और नवीन कस्तूरिया मुख्य भूमिकाओं में हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 3:21 PM IST












