'मिशन सहयोग' रंग लाया, 35 लाख की कीमत के 101 गुम हुए स्मार्टफोन बरामद
नोएडा, 2 सितंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गुम हुए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान 'मिशन सहयोग' के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सेंट्रल नोएडा पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न कंपनियों के 101 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, सर्विलांस सेल, सेंट्रल नोएडा पुलिस ने बुधवार को बरामद किए गए सभी 101 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताया। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो और बसों में यात्रा के दौरान तथा सुबह-शाम टहलते समय कहीं गिर गए थे या छूट गए थे।
मोबाइल फोन गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने सेंट्रल नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में इसकी सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मोबाइल फोन गुम होने से लोगों को न केवल आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है, बल्कि मोबाइल में मौजूद निजी फोटो, संपर्क नंबर, जरूरी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी को लेकर भी चिंता बनी रहती है। ऐसे में पुलिस द्वारा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाना लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।
सर्विलांस सेल की टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिट रजिस्टर) पोर्टल की सहायता ली। पुलिस ने मोबाइल फोन से संबंधित तकनीकी जानकारी का विश्लेषण करते हुए उनके इस्तेमाल और लोकेशन से जुड़े सुरागों को खंगाला। इसी तकनीकी प्रक्रिया के माध्यम से पुलिस टीम ने एक-एक कर 101 मोबाइल फोन का पता लगाया और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल फोन बरामद करने की इस कार्रवाई में तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ सर्विलांस टीम की मेहनत और लगातार किए गए विश्लेषण की अहम भूमिका रही। सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा रहा है। बरामद किए गए मोबाइल फोन जब उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए तो उन्होंने गौतमबुद्धनगर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और 'मिशन सहयोग' अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गुम हुआ महंगा मोबाइल वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। सेंट्रल नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई के तहत 101 मोबाइल फोन की बरामदगी और करीब 35 लाख रुपए की संपत्ति को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना 'मिशन सहयोग' अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2026 6:01 PM IST












