राष्ट्रीय: मोदी सरकार के 11 सालों में भारत की साख बढ़ी, विकास की नई मिसाल कायम विधायक सरोज कुमार पाढ़ी

भुवनेश्वर, 9 जून (आईएएनएस)। भाजपा विधायक सरोज कुमार पाढ़ी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इन वर्षों में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी साख बढ़ाई है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है।
उन्होंने कहा, "आज पूरा विश्व भारत के सामने झुकता है। पहले क्या कभी किसी भारतीय पीएम के साथ ऐसा हुआ? अब पाकिस्तान का मुद्दा देखिए, वह कहीं का नहीं रहा। पूरी दुनिया में यह चर्चा है कि पाकिस्तान एक आतंकी देश है।"
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अब आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ा है। भारत का आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस को दुनिया के हर देश में समर्थन मिल रहा है। इससे बड़ा गर्व और क्या हो सकता है?
उन्होंने कहा, "आयुष्मान भारत योजना के तहत हम गांव-गांव, पंचायत-पंचायत जाकर कार्ड बांट रहे हैं। यह सब पीएम मोदी की वजह से है। ओडिशा में सरकार और विकास का आधार प्रधानमंत्री ही हैं।"
उन्होंने औद्योगिक विकास, ग्रामीण प्रगति और रक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों का भी जिक्र किया। कहा कि भारत आज हर क्षेत्र में चौथे नंबर पर आ गया है। चारों तरफ पीएम मोदी का नाम है। उनके बिना आगे कुछ दिखता ही नहीं।
पाढ़ी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ईवीएम और वोट फिक्सिंग की बात करते हैं। अगर लोग विपक्षी पार्टियों को वोट नहीं देंगे और पीएम मोदी और भाजपा को वोट के जरिए समर्थन देंगे, तो हम क्या कर सकते हैं? जनता का फैसला साफ है।
उन्होंने कर्नाटक में भगदड़ की घटना पर भी सख्त टिप्पणी की। पाढ़ी ने कहा, "कांग्रेस शासित राज्य में इतनी बड़ी घटना हुई, जिसमें लोग मरे। यह छोटी बात नहीं है। कुछ लोग कहते हैं कि भारत में ऐसा होता रहता है, लेकिन यह झूठ है।"
उन्होंने बताया कि स्टेडियम की क्षमता 35,000 थी, लेकिन 70,000 लोगों को अंदर लिया गया। "यह कैसे चलेगा? लोग कहां बैठेंगे? यह अनुमति सरकार ने दी, तो ऐसे में कर्नाटक सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।"
पाढ़ी ने मांग की कि इस मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "11 लोग मारे गए हैं। यह गंभीर विषय है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा चलना चाहिए।"
साथ ही, पाढ़ी ने पीएम मोदी के नेतृत्व की फिर से तारीफ की और कहा कि 11 सालों में प्रधानमंत्री ने अपने कुशल नेतृत्व से देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। स्वास्थ्य, रक्षा, उद्योग और ग्रामीण विकास में उनकी उपलब्धियां बेमिसाल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Jun 2025 2:35 PM IST