'मोदी सरकार के संकल्प में सुनाई देती है महात्मा फुले के विचारों की गूंज', 200वीं जयंती पर कई नेताओं ने किया याद

मोदी सरकार के संकल्प में सुनाई देती है महात्मा फुले के विचारों की गूंज, 200वीं जयंती पर कई नेताओं ने किया याद
समाज सुधारक, विचारक और नारी शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की शनिवार को 200वीं जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने ज्योतिबा फुले को नमन करते हुए समाज में समानता और न्याय की दिशा में उनके महत्त्वपूर्ण योगदान को याद किया है।

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। समाज सुधारक, विचारक और नारी शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की शनिवार को 200वीं जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने ज्योतिबा फुले को नमन करते हुए समाज में समानता और न्याय की दिशा में उनके महत्त्वपूर्ण योगदान को याद किया है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने महात्मा ज्योतिबा फुले को महान समाज सुधारक, युगदृष्टा और क्रांतिसूर्य बताते हुए उन्हें नमन किया। बिरला ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "महात्मा फुले ने शिक्षा को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बनाकर वंचितों, शोषितों और महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले। सामाजिक कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और असमानताओं के विरुद्ध उनका संघर्ष केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि एक व्यापक सामाजिक जागरण था, जिसने भारत की चेतना को नई दिशा दी।"

उन्होंने आगे लिखा, "समानता, न्याय और मानव गरिमा के मूल्यों पर आधारित समाज की उनकी परिकल्पना आज भी हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत है। महात्मा फुले जी के विचार, संघर्ष और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, "महान समाज सुधारक और शिक्षाविद् महात्मा ज्योतिबा फुले को उनकी जयंती पर सादर नमन। ज्योतिबा फुले शिक्षा को समाज सुधार का सबसे प्रभावी माध्यम मानते थे। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा के लिए अभूतपूर्व कार्य किए और 'सत्यशोधक समाज' की स्थापना कर समाज में समानता व न्याय की दिशा में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "मैं महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। वे शिक्षा और समता पर सर्वाधिक जोर देते थे। आज मोदी सरकार के 'सबका साथ, सबका विकास' और 'अंत्योदय' के संकल्प में महात्मा फुले के विचारों की गूंज साफ सुनाई देती है।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सीएम योगी ने योगदान को याद करते हुए पोस्ट में लिखा, "ज्योतिबा फुले ने हमें सिखाया कि समाज तब आगे बढ़ता है, जब हर व्यक्ति को शिक्षा, सम्मान और अवसर मिले। उनके संघर्ष ने लाखों लोगों के जीवन में नई रोशनी जलाई। आइए, उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए एक समतामूलक और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लें।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने पोस्ट किया, "महान समाज सुधारक, नारी शिक्षा के अग्रदूत और सामाजिक समानता के प्रबल समर्थक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर कोटिशः नमन। आपका संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। आपके विचार हमें सदैव समतामूलक समाज बनाने की प्रेरणा देते रहेंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 8:06 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story