मोहर्रम के जुलूस में निकाली पुरानी दुश्मनी, पानी पीने के बहाने घर में घुसकर हमलावरों ने की युवक की हत्या
चतरा, 27 जून (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में एक पुरानी दुश्मनी के चलते कुछ लोगों ने मोहर्रम जुलूस के दौरान युवक की हत्या कर दी। इस हमले में युवक के चाचा को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोड़हाई गांव में शुक्रवार देर रात यह वारदात हुई। बताया गया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर बेखौफ हमलावरों ने एक युवक की घर में घुसकर निर्मम हत्या की। वहीं, बीच-बचाव करने आए उसके चाचा को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है।
सामने आया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे बंद कर कुछ हमलावर एक घर में घुसे। उन्होंने पहले परिवार वालों से पानी मांगा और फिर युवक शाहजहां को खोजना शुरू किया। युवक के सामने आते ही हमलावरों ने टांगी और भुजाली से उसकी जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में उसकी जांघ की मांसपेशियां बुरी तरह कट गईं और खून बहने लगा।
भतीजे को लहूलुहान देख जब चाचा शबीर मियां उसे बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उनके सीने के दोनों तरफ चाकू से वार कर दिया। शबीर के सीने में कुल 13 टांके (एक तरफ 9, दूसरी तरफ 4) लगे हैं और उनका हजारीबाग में इलाज जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल शाहजहां ने बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दोनों पड़ोसी हैं। रात 11 बजे से बाद दोनों में फिर से विवाद हुआ था। इसके बाद एक युवक की हत्या कर दी गई।
परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले बच्चों को लेकर शाहजहां और आरोपियों के परिवारों के बीच बहस हुई थी। मोहर्रम के बाद इस विवाद को सुलझाने के लिए बैठक होनी थी, लेकिन उससे पहले ही इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया।
सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी बाप-बेटे, फरहान और फैजान की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने कहा कि परिजनों की आवेदन के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 10:44 AM IST












