कूटनीति: विदेश राज्य मंत्री मार्गेरिटा पहुंचे दक्षिण अफ्रीका, जी-20 विकास मंत्रिस्तरीय बैठक में लेंगे भाग

जोहान्सबर्ग, 19 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर जोहान्सबर्ग पहुंचे। यात्रा के दूसरे चरण में वो किंगडम ऑफ लेसोथो पहुंचेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। बताया, "उच्चायुक्त प्रभात कुमार ने जोहान्सबर्ग हवाई अड्डे पर भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा का स्वागत किया। राज्य मंत्री तीन देशों, एस्वातिनी, लेसोथो और दक्षिण अफ्रीका की आधिकारिक यात्रा पर हैं।"
लेसोथो में, मार्गेरिटा का राजा लेत्सी तृतीय और प्रधानमंत्री सैमुअल मटेकेन से शिष्टाचार भेंट करने का कार्यक्रम है।
वह विदेश और अंतर्राष्ट्रीय संबंध मंत्री के साथ-साथ सूचना, संचार, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, शिक्षा एवं प्रशिक्षण तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री सहित कई प्रमुख मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
इससे पहले शुक्रवार को, राज्य मंत्री मार्गेरिटा ने एस्वातिनी की अपनी सफल यात्रा संपन्न की, जहां उन्होंने इस दक्षिणी अफ्रीकी देश के कई शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की।
मार्गेरिटा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "एस्वातिनी साम्राज्य के विदेश मंत्री, फोलिले दलामिनी शाकांतू से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत-एस्वातिनी संबंधों के सभी पहलुओं पर गहन और उपयोगी चर्चा हुई। हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने के लिए तत्पर हैं।"
बाद में, राज्य मंत्री ने एस्वातिनी के स्वास्थ्य मंत्री मदुदुजी मात्सेबुला से भी मुलाकात की और स्वास्थ्य क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर उपयोगी चर्चा की।
मार्गेरिटा ने प्रधानमंत्री रसेल मिमिसो दलामिनी के साथ भी बैठक की, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
एस्वातिनी के प्रधानमंत्री ने बैठक के बाद एक्स पोस्ट में लिखा, "शुभ संध्या, एस्वातिनी। आज, हमें निजी और कैबिनेट कार्यालय में भारत की विदेश राज्य मंत्री, पबित्रा मार्गेरिटा से शिष्टाचार भेंट का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बैठक में 50 वर्षों से भी अधिक समय से चले आ रहे हमारे मौजूदा संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ आगे सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई।"
पोस्ट में आगे कहा गया, "मेहमान मंत्री ने कल लोज़िथा पैलेस में उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य और सार्थक बातचीत के लिए महामहिम राजा को सद्भावना संदेश दिया। भारत एस्वातिनी के वफ़ादार साझेदारों में से एक है, और उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा सहित कई क्षेत्रों में हमारे साथ सहयोग किया है।"
विदेश राज्य मंत्री की अफ्रीकी महाद्वीप की बहु-राष्ट्र आधिकारिक यात्रा, अफ्रीकी देशों के साथ भारत के व्यापक राजनयिक जुड़ाव का हिस्सा है और इसका उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करना, साझेदारी के नए रास्ते तलाशना और दक्षिण अफ्रीका में आगामी जी20 डेवलेपमेंट मिनिस्टीरियल मीटिंग (डीएमएम) में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 July 2025 8:54 AM IST