मोजाम्बिक के परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स मंत्री ने दिल्ली मेट्रो का किया दौरा, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं देखीं

मोजाम्बिक के परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स मंत्री ने दिल्ली मेट्रो का किया दौरा, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं देखीं
मोजाम्बिक के परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स मंत्री जाओ जॉर्ज मातलोम्बे ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। मोजाम्बिक के परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स मंत्री जाओ जॉर्ज मातलोम्बे ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

डीएमआरसी अकादमी में जाओ जॉर्ज मातलोम्बे के साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा था, जिसका स्वागत डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार और डीएमआईएल के सीईओ संजय जमुआर ने किया। अधिकारियों ने उन्हें दिल्ली मेट्रो द्वारा संचालित प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी।

दौरे के दौरान मोजाम्बिक के प्रतिनिधिमंडल ने डीएमआरसी और डीएमआईएल पर आधारित डॉक्यूमेंट्री देखी तथा अकादमी की अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया। इनमें एक्सटेंडेड रियलिटी लैब, मेट्रो सिग्नलिंग मॉडल रूम, बोगी ब्रेक्स न्यूमैटिक सिम्युलेटर और आरएस-2 ड्राइविंग सिम्युलेटर शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का भी दौरा किया, जहां उन्हें दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के विकास और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

दिल्ली दौरे के दौरान मोजाम्बिक के मंत्री जाओ जॉर्ज मातलोम्बे ने केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर से भी मुलाकात की।

बैठक में भारत और मोजाम्बिक के बीच समुद्री क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने बंदरगाह विकास, शिपिंग एवं लॉजिस्टिक्स, तटीय नौवहन, नाविकों के प्रशिक्षण, जहाज निर्माण एवं मरम्मत, एलएनजी और हरित ईंधन बंकरिंग, समुद्री संपर्क और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

इसके अलावा, हाइड्रोग्राफी, समुद्री लॉजिस्टिक्स, खोज एवं बचाव अभियान, सुरक्षित नौवहन और तेल रिसाव नियंत्रण के क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। दोनों देशों ने सुरक्षित, जुड़ा हुआ और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई।

मोजाम्बिक के परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स मंत्री ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु से भी मुलाकात की।

राममोहन नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक और सार्थक वार्ता हुई। बैठक में मोजाम्बिक में भारतीय निवेश और कारोबारी गतिविधियों की बढ़ती उपस्थिति को देखते हुए हवाई संपर्क मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि भारत हमेशा मोजाम्बिक के साथ मित्रता के संबंधों को मजबूत करने के लिए तत्पर रहा है और भविष्य में विमानन क्षेत्र में सहयोग को लेकर दोनों देशों के बीच संवाद जारी रहेगा।

भारत और मोजाम्बिक के बीच हुई ये उच्चस्तरीय बैठकें परिवहन, लॉजिस्टिक्स, समुद्री और विमानन क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Oct 2026 9:35 PM IST

Tags

Next Story