राजनीति: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर मंत्री सारंग का तंज, बोले- कभी नहीं आएगा परिवर्तन

भोपाल 3 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए 'संगठन सृजन अभियान' शुरू किया है, जिसे लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान से संगठन का सृजन तो नहीं होगा, लेकिन नेहरू परिवार का सृजन जरूर होगा।
मंत्री सारंग ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस में संगठन के सृजन के लिए कोई काम नहीं होता है। अगर काम होता है, तो वहां नेहरू परिवार के सृजन के लिए होता है। अब राहुल गांधी राजनीतिक पर्यटन पर निकले हैं, जो-जो ट्रैवल एजेंट ने एजेंडा दिया होगा, वैसे-वैसे करेंगे।
कांग्रेस की स्थिति और राहुल गांधी के प्रवास पर मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति वही है, 'जहां जहां पड़े पग संतन के, वहां वहां बंटाधार।' राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस को और गर्त में लेकर जाएगा।
भाजपा के आयोजन और कांग्रेस के आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के आयोजन की तुलना कांग्रेस से नहीं करना चाहिए। हम देशहित, प्रदेशहित और जनता के हित के लिए काम करते हैं, वहीं कांग्रेस नेहरू परिवार के हित में काम करती है।
जब सारंग से सवाल किया गया कि क्या कांग्रेस में कभी परिवर्तन नजर आएगा, तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कभी परिवर्तन नहीं आएगा। नेहरू के समय से लेकर अब तक नहीं आया, तो अब क्या आएगा। अब तो प्रियंका गांधी के बच्चों की लॉन्चिंग भी बाकी है।
दरअसल, मंगलवार को राहुल गांधी भोपाल के प्रवास पर आए हैं। वे यहां संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करने वाले हैं और राजनीतिक मामलों की समिति, सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद करेंगे। इसके साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं नव सृजित प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक, विशेष परामर्श और अनौपचारिक चर्चा में रखा जाएगा। इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों का अधिवेशन भी होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Jun 2025 1:31 PM IST