मुकेश ऋषि से अनूप जलोटा तक, पीएम मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर सितारों ने दी बधाई
मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होने और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियों ने बधाई दी है। अभिनेत्री पूनम पांडे, अभिनेता मुकेश ऋषि और गायक अनूप जलोटा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
अभिनेत्री पूनम पांडे ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अप्रत्याशित नहीं है। जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, उसे देखते हुए यह मुकाम हासिल होना स्वाभाविक था। उन्होंने कहा कि इतने बड़े और विविधतापूर्ण देश को एकजुट रखते हुए आगे बढ़ाना आसान नहीं है, लेकिन पीएम मोदी इस जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभा रहे हैं।
पूनम पांडे ने कहा कि कई बार लोग विभिन्न मुद्दों पर सरकार की आलोचना करते हैं, लेकिन किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले देश की वास्तविक परिस्थितियों और चुनौतियों को समझना भी जरूरी है। मौजूदा समय में दुनिया कई तरह के संकट और संघर्षों का सामना कर रही है, ऐसे में देश को स्थिरता के साथ आगे बढ़ाना बड़ी जिम्मेदारी है। सरकार द्वारा नागरिकों की सुरक्षा और हित में लिए गए फैसलों को इसी दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।
वहीं अभिनेता मुकेश ऋषि ने प्रधानमंत्री मोदी के लंबे कार्यकाल को देश के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसे देशवासी अपनी आंखों से देख रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी करीब 12 सालों तक गुजरात के मुख्यमंत्री भी रहे। ऐसे में उनका सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक अनुभव और भी व्यापक हो जाता है।
मुकेश ऋषि ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री मोदी से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि देश को उनके नेतृत्व का लाभ आगे भी मिलता रहे। उनके नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और यही कारण है कि लोग उनके प्रति विश्वास व्यक्त करते हैं।
गायक अनूप जलोटा ने भी प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल भारतीय राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान और सम्मान को मजबूत किया है। देश ने विकास और प्रगति के कई नए आयाम देखे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का पूरा ध्यान देश और देशवासियों के हित पर केंद्रित रहता है। पीएम और कुछ तो सोचते ही नहीं हैं, केवल देश की ही सोचते हैं। अपना तो सोचते ही नहीं। ऐसा व्यक्ति होता है, वो आगे ही बढ़ता जाता है। मैं तो चाहता हूं कि वो परमानेंट देश के पीएम बन जाएं।
अनूप जलोटा ने कहा कि आज दुनिया कई चुनौतियों और संघर्षों से गुजर रही है, लेकिन भारत अपेक्षाकृत शांत और स्थिर वातावरण में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी देश विकास और प्रगति की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Jun 2026 10:11 PM IST












