मुकुल की पारी निर्णायक रही, अंतिम ओवरों में चूक होना स्वाभाविक रहाणे

कोलकाता, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बल्लेबाज मुकल चौधरी की शानदार अर्धशतकीय पारी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 15वें मुकाबले में जीत छीन ली। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने एलएसजी की जीत का श्रेय मुकुल चौधरी को देते हुए उन्हें सराहा है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए। इसके जवाब में एलएसजी ने 3 विकेट शेष रहते अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की। एलएसजी की तरफ से आयुष बडोनी और मुकुल चौधरी ने 54-54 रन बनाए।
मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों के साथ नाबाद 54 रन बनाए। एलएसजी को अंतिम 2 ओवरों में जीत के लिए 30 रन की दरकार थी और मुकुल चौधरी ने टीम को रोमांचक जीत दिलाई। मुकुल ने 19वें ओवर में 2 छक्के और 1 चौका लगाया। इसके बाद अंतिम ओवर में 2 छक्के लगाकर केकेआर से जीत को छीन लिया।
मैच गंवाने के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "हार को स्वीकार करना मुश्किल है, लेकिन जिस तरह से हमने खेला उस पर मुझे टीम पर गर्व है। मुकुल (चौधरी) की पारी निर्णायक रही। आखिरी दो ओवरों में थोड़ा-बहुत चूक होना स्वाभाविक है, लेकिन उस साझेदारी के लिए मुकुल को श्रेय जाता है।"
रहाणे ने कहा, "उनके (एलएसजी) लिए खोने को कुछ नहीं था। उन्हें 2 ओवर में 30 रन चाहिए थे, इसलिए वे खुलकर शॉट खेल रहे थे। कुछ गेंदें अच्छी थीं, लेकिन उसने शानदार बल्लेबाजी की।"
उन्होंने कहा, "जब आप मैच हारते हैं, तो यह समझना आसान होता है कि हम कहां बेहतर कर सकते थे। इस विकेट पर 180 के आसपास का स्कोर आसान नहीं था। हमें बल्लेबाज को उसके प्रदर्शन का पूरा श्रेय देना चाहिए। हमारी कोशिश थी कि आवेश को स्ट्राइक पर रखा जाए। हमें पांच फील्डर अंदर रखने पड़े, जो गेंदबाजों के लिए मुश्किल स्थिति होती है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 11:44 PM IST










