मुंबई बारिश के कारण मिलिंद देवड़ा ने की स्कूल बंद करने की मांग, वर्क फ्रॉम होम की भी पैरवी
मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई में तेज हवाओं के साथ लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। इससे पूरे शहर का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
इस बीच शिवसेना के सांसद मिलिंद देवड़ा ने बृहन्मुंबई नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिड़े से मौसम को देखते हुए एहतियातन कदम उठाने की मांग की है।
मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया गया है, और शहर भर में पेड़ गिरने, भीषण जलभराव, और मौसम संबंधी दुर्घटनाओं की खबरें आ रही हैं। मैं बृहन्मुंबई नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिडे़ से आग्रह करता हूं कि वे ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुले स्कूलों और कॉलेजों को तुरंत बंद करने की घोषणा करें। एक भी शैक्षणिक दिन हमारे बच्चों और छात्रों के जीवन को खतरे में डालने लायक नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैं नियोक्ताओं से भी अपील करता हूं कि जहां तक संभव हो, कर्मचारियों को स्थिति सुधरने तक घर से काम करने की अनुमति दें, जिससे अनावश्यक यात्रा कम हो और आपातकालीन सेवाओं पर दबाव कम हो। जन सुरक्षा सर्वोपरि है। कृपया अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर के अंदर रहें।
बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश की वजह से पेड़ या उनकी शाखाएं गिरने की 99 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके अलावा, शॉर्टसर्किट के करीब 13 मामले और दीवार गिरने व जलभराव की छह घटनाएं भी सामने आई हैं।
इससे पहले शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुंबई में मैनहोल से जुड़ी घटना के बाद मॉनसून की तैयारियों को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगरपालिका को अधिक जवाबदेह बनाने की जरूरत है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ऑपरेशन टाइगर से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत बनाना ही उनका लक्ष्य है ताकि सरकार और अधिक प्रभावी ढंग से जनता की समस्याओं का समाधान कर सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 5:55 PM IST












