बॉलीवुड: पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट ने की प्रार्थना, लोगों से की खास अपील

पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट ने की प्रार्थना, लोगों से की खास अपील
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ ने अपना कहर बरपा रखा है। वहां पर नदियां उफान पर हैं। इसके चलते हजारों लोग विस्थापित होने को मजबूर हैं। खासकर पंजाब में बाढ़ ने जमकर जान और माल की हानि की है।

मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ ने अपना कहर बरपा रखा है। वहां पर नदियां उफान पर हैं। इसके चलते हजारों लोग विस्थापित होने को मजबूर हैं। खासकर पंजाब में बाढ़ ने जमकर जान और माल की हानि की है।

पंजाब में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, किसी ने घर, किसी ने अपनों को, तो किसी ने अपना सबकुछ खो दिया है। बाढ़ पीड़ितों के लिए बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान ने भी सोशल मीडिया पर प्रार्थना की है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पंजाब में बाढ़ से परेशान लोगों को देख मेरा दिल भी दुखी है। उनके लिए प्रार्थना और साहस भेज रहा हूं। पंजाब की स्पिरिट टूटने न पाए, ईश्वर उन सब पर अपनी कृपा बनाए रखे।"

इसके साथ ही एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने भी बाढ़ पीड़ितों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा, "पंजाब में बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं प्रभावित सभी लोगों के लिए प्यार, शक्ति और प्रार्थनाएं भेज रही हूं, और जमीनी स्तर पर लोगों की मदद में जुटे लोगों का आभार व्यक्त करती हूं। ईश्वर करे कि हर परिवार को वह सहारा मिले, जिसकी उन्हें जरूरत है ताकि वे उबर सकें और फिर से खड़े हो सकें।"

करण जौहर, अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, विक्की कौशल, रणवीर सिंह जैसे बॉलीवुड सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए पंजाब और दूसरे राज्यों में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना और संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लोगों से जहां तक हो सके मदद करने का अनुरोध भी किया है।

दूसरी तरफ पंजाबी एक्ट्रेस सरगुन मेहता ने भी एक पोस्ट में पंजाब के लोगों की मदद करने का आह्वान किया। सरगुन मेहता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, "पंजाब को अब पहले से कहीं अधिक हमारी जरूरत है। एक दिन या एक महीने में भी सब ठीक नहीं हो जाएगा, इसमें समय लगेगा। लेकिन अगर हम कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े हों, तो हम अपनी जमीन और अपने लोगों को फिर से खड़ा होने में मदद कर सकते हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "हम जो कर सकते हैं, कर रहे हैं। हर योगदान, चाहे कितना भी छोटा क्यों न हो, बहुत बड़ा बदलाव लाता है। अपनी इंस्टा स्टोरी में मैंने कुछ जानी-मानी संस्थाओं के बारे में बताया है जो जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम कर रही हैं। आप भी हो सके तो हर संभव तरीके से उनका साथ देने की कोशिश करें। साथ मिलकर हम बहुत से लोगों की जिंदगी का पुनर्निर्माण कर सकते हैं। साथ मिलकर हम पंजाब में उम्मीद की किरण जगा सकते हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Sept 2025 6:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story